Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

महिला से ठगी करने फ्लाइट से दून आया था टीवी एक्टर..

महिला से ठगी करने फ्लाइट से दून आया था टीवी एक्टर..

उत्तराखंड: महिला से ठगी का मुख्य आरोपी टीवी अभिनेता घटना को अंजाम देने के लिए मुंबई से देहरादून फ्लाइट से आया था। मुंबई लौटने के लिए भी उसने चंडीगढ़ से फ्लाइट पकड़ी थी। यह हाई प्रोफाइल ठग ईरानी गैंग से ताल्लुक रखता है। पुलिस ने उसे मुंबई के ईरानी मोहल्ले से गिरफ्तार किया है। अभिनेता का साथी इकबाल अभी पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा है। पुलिस का दावा है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ठगी की घटना को अंजाम देने फ्लाइट से दून पहुंचे ईरानी गैंग के शातिर को पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। वो एक एक्टर भी है। पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लेकर आ रही है। संभवत: एक या दो दिनों में पुलिस टीम देहरादून पहुंचेगी। डीआइजी अरुण मोहन जोशी ने बताया कि तीन दिसंबर को बाइक पर आए दो युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर बंजारावाला के पास एक वृद्ध महिला से सोने के कंगन, चेन आदि ठग लिए थे।

 

 

इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के माध्यम से आरोपियों की तलाश शुरू की। बुधवार को डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने बताया कि इस घटना के बाद पुलिस ने चार टीमें गठित की और संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। शुरूआत में लीड सीसीटीवी कैमरों से ही मिली। इस दौरान पुलिस ने कुल 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की।

घटना के तरीके को देखते हुए समझ आ गया था कि इसमें ईरानी गैंग का ही हाथ है। पुलिस के पास 50 से 60 ईरानी गैंग के सदस्यों का डाटा था। इसके माध्यम से उनमें से चिन्हीकरण किया गया तो कुछ जेल में होने की बात सामने आई। इस बीच पता चला कि एक व्यक्ति की लोकेशन घटनास्थल के पास ही है। पुलिस ने यहां से एयरपोर्ट तक के कैमरों की फुटेज चेक की तो आरोपी के बारे में पुख्ता जानकारी हो गई। पता चला कि आरोपी का नाम जाकिर उर्फ एक्टर उर्फ सलमान है। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे सोमवार को ईरानी मोहल्ले से गिरफ्तार कर लिया।

 

 

घटना को अंजाम देने के लिए उसने अपने एक साथी इकबाल को देवबंद से बुलाया था। बंजारावाला में घटना करने के बाद दोनों देवबंद चले गए। यहां इकबाल तो देवबंद में ही रुक गया जबकि जाकिर उर्फ एक्टर चंडीगढ़ चला गया। वहां से वह वापस फ्लाइट से मुंबई गया। आरोपी के खिलाफ नागपुर में भी तीन मुकदमे दर्ज हैं।

कई सीरियल, वेबसीरिज में कर चुका काम..

जाकिर मुंबई में कई टीवी सीरियल में काम कर चुका है। इनमें से उसने क्राइम शो सावधान इंडिया के कई भागों में काम किया है। बताया जा रहा है कि उसने एक वेब सीरिज में भी अभिनय किया है। पुलिस के अनुसार उसके आपराधिक इतिहास के बारे में भी जानकारी की जा रही है।

 

 

आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही दूसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का जोर शत प्रतिशत बरामदगी पर भी है। आरोपी के आने के बाद उससे गहन पूछताछ की जाएगी। दून पुलिस किसी भी घटना के खुलासे के लिए पूरी मेहनत से काम कर रही है। इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। पिछले दिनों आरोपियों को गोवा व अन्य राज्यों से भी गिरफ्तार किया गया था। पिछले दिनों पटेलनगर में ही हुई लूट के मामले में भी पुलिस टीम ने उम्मीद से बढ़कर काम किया था।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top