देहरादून में ट्रिपल मर्डर से मचा हड़कंप,बुजुर्ग दंपती समेत महिला की मौत…
उत्तराखंड: देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के विष्णु लोक इलाके में ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद राजकुमार नाम के आरोपी ने बुजुर्ग दंपती पर पेचकस से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची घरेलू सहायिका पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। घटना में बुजुर्ग दंपती और घरेलू सहायिका की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान 80 वर्षीय रमेश कपूर और उनकी 75 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने दोनों पर पेचकस से कई वार किए। हमले के दौरान घर के बाहर काम कर रही तिलया देवी उर्फ शीला (48) चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंची और बुजुर्ग दंपती को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान राजकुमार ने शीला पर भी पेचकस से हमला कर दिया। उसके पेट और गले पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बावजूद शीला ने हमलावर का सामना करने की कोशिश की।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने तीनों घायलों को उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रमेश कपूर और उनकी पत्नी रजनी कपूर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, शीला का भी इलाज किया गया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बताई गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस घटना के कारणों और वारदात के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

