उत्तराखंड

विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत तक का रोडमैप..

विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत तक का रोडमैप..

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में हुआ मंथन..

 

 

 

उत्तराखंड: भारतीय जनता पार्टी की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में उत्तराखंड के विकास और संगठन की आगामी रणनीति को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक के पहले सत्र में ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ के संकल्प प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और देश की विकास यात्रा में उनके योगदान पर भी राजनीतिक प्रस्ताव के माध्यम से चर्चा की गई। रामपुर रोड स्थित एक निजी प्रतिष्ठान के हरि प्रसाद टम्टा सभागार में आयोजित बैठक का उद्घाटन सीएम पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मंच पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, पूर्व सीएम विजय बहुगुणा, अल्मोड़ा सांसद अजय भट्ट, टिहरी सांसद महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल व डॉ. कल्पना सैनी समेत प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक उपस्थित रहे।

मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर राजनीतिक प्रस्ताव

कार्यसमिति के पहले राजनीतिक प्रस्ताव में नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख किया गया। प्रस्ताव में केंद्र सरकार की विभिन्न उपलब्धियों और भारत की विकास यात्रा को प्रमुखता से रखा गया। राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने यह प्रस्ताव कार्यसमिति के समक्ष रखा। विधायक रेखा आर्य, सांसद अजय भट्ट, महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह और मदन कौशिक ने प्रस्ताव का समर्थन करते हुए इसका अनुमोदन किया।

विकसित उत्तराखंड के जरिए विकसित भारत में योगदान का लक्ष्य

बैठक के दूसरे राजनीतिक प्रस्ताव में उत्तराखंड को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने और प्रदेश को विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ने पर जोर दिया गया। केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने प्रस्ताव प्रस्तुत किया। राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने इसका अनुमोदन किया। बैठक में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम और सह प्रभारी रेखा वर्मा ने भी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक दिशा को लेकर संबोधित किया। चर्चा के दौरान प्रदेश के विकास कार्यों, संगठन की भूमिका और भविष्य की रणनीति से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ उत्तराखंड के विकास को पार्टी के व्यापक राजनीतिक एजेंडे से जोड़ने पर विशेष फोकस दिखाई दिया।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top