Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

भगवान मद्महेश्वर की डोली ऊखीमठ पहुंची, ओंकारेश्वर मंदिर में हुआ विधिवत विराजमान

ऊखीमठ। द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली गुरुवार को अपने अंतिम रात्रि विश्राम स्थल गिरिया गांव पहुंच गई। आज डोली विधि-विधान के साथ ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में शीतकाल के लिए विराजमान होगी। डोली के आगमन को लेकर मंदिर समिति ने ओंकारेश्वर मंदिर को फूलों से भव्य रूप से सजाया है।

गुरुवार सुबह 8:30 बजे डोली ने रांसी के राकेश्वरी मंदिर से प्रस्थान किया। इससे पहले मुख्य पुजारी शिव शंकर लिंग द्वारा भोग मूर्तियों का अभिषेक, भोग अर्पण और आरती की गई। राकेश्वरी मंदिर की परिक्रमा के बाद डोली मद्महेश्वर घाटी के ग्रामीणों के बीच आगे बढ़ी, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने अर्घ्य अर्पित कर दर्शन किए। दोपहर करीब दो बजे डोली गिरिया गांव पहुंची, जहां ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति से स्वागत किया।
इस दौरान देवेंद्र पटवाल, शिव सिंह रावत, भूपेंद्र पंवार, दीपक पंवार, देवानंद गैरोला, फतेह सिंह पंवार और मदन भट्ट सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।

उत्सव डोली के स्वागत के साथ मद्महेश्वर मेले का आगाज

उत्सव डोली के गिरिया गांव पहुंचने पर तीन दिवसीय मद्महेश्वर मेला सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खेल प्रतियोगिताओं के साथ आरंभ हुआ। पहले दिन स्थानीय महिला मंगल दलों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
मेले का मुख्य आकर्षण पतंजलि समूह से जुड़ी महिलाओं द्वारा प्रस्तुत माधो सिंह भंडारी पर आधारित नृत्य नाटिका रही।

मेले का शुभारंभ केदारनाथ के रावल 1008 भीमाशंकर लिंग ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुजारी शिव शंकर लिंग, बागेश लिंग, गंगाधर लिंग और वेदपाठी विश्व मोहन जमलोकी उपस्थित रहे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, स्वामी प्रणवानंद विद्या मंदिर, एवरग्रीन कन्या जूनियर हाईस्कूल, कन्या हाई स्कूल ऊखीमठ के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इसके अलावा भटवाड़ी, किमाणा, डंगवाड़ी आदि क्षेत्रों के महिला मंगल दलों ने लोक संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियां दीं।

मद्महेश्वर मेला समिति की अध्यक्ष एवं नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्मवाण ने बताया कि मेले में स्व. हर्षमणि जमलोकी एवं स्व. नर्वदेश्वर जमलोकी मेमोरियल प्रतियोगिता, तथा स्व. कुलभूषण अवस्थी एवं महेश चंद तिवारी मेमोरियल बैडमिंटन प्रतियोगिता भी शुरू की गई। मौके पर मेला सचिव प्रकाश रावत, कोषाध्यक्ष कैलाश पुष्पवाण, उपाध्यक्ष रविंद्र पुष्पवाण और महामंत्री संदीप पुष्पवाण मौजूद रहे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top