Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

अटल आयुष्मान योजना को रफ्तार देने की कवायद शुरू….

15 से 30 सितम्बर तक चलाया जायेगा पखवाड़ा… 

ग्रामीण इलाकों में सीएससी सेंटर के माध्यम से लगाये जायेंगे कैंप….

रुद्रप्रयाग। जिले में अटल आयुष्मान और आयुष्मान भारत योजना को तेज रफ्तार देने की कवायद शुरू हो गई है। यह योजनाएं केन्द्र और राज्य सरकार की हैं, जिससे हर परिवार को पांच लाख का फायदा पहुंचेगा। योजना को लेकर सीएससी सेंटरों को निर्देश दिये गये हैं कि वे ग्रामीण इलाकों में कैंप लगाकर ग्रामीणों को सुविधाएं प्रदान करें।

दरअसल, स्वास्थ्य विभाग की ओर से 15 से 30 सितम्बर तक आयुष्मान पखवाड़ा चलाया जा रहा है। अभियान के तहत गांव-गांव में कैंप लगाकर लोगों के कार्ड बनवाये जायेंगे। साथ ही उन्हें जानकारी दी जायेगी कि इस योजना से ग्रामीणों को कितना फायदा पहुंचेगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ एसके झा ने बताया कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से इस योजना का नाम रखा गया है। सभी जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ मिले यह योजना का मकसद है। उन्होंने कहा कि यह योजना जिले के सभी लोगों के लिए है। इस योजना के तहत लाभाथियों को पंाच लाख रूपये की कैशलैस स्वास्थ्य सुरक्षा प्राप्त होगी। इसके लिए सभी लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाये जा रहे हैं।

इस कार्ड के माध्यम से प्रदेश के सरकारी अस्पतालों के साथ ही एमपैनल्ड प्राइवेट अस्पतालों में भी निःशुल्क इलाज करा सकेंगे। योजना के तहत करीब तेरह सौ से अधिक प्रकार की छोटी बड़ी बीमारियों का निःशुल्क इलाज किया जा सकेगा। सीएमओ डाॅ झा ने बताया कि जिले में पचास सीएससी सेंटर हैं, जो ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी क्षेत्रों में कैंप लगाकर लोगों के गोल्डन कार्ड बनायेंगे। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्री गोल्डन कार्ड बनाने को लेकर लोगों को जारूगक करेंगी। जिले में 33 प्रतिशत लोगों के कार्ड बन चुके हैं, जबकि सौ प्रतिशत तक कार्ड बनाये जाने हैं। आयुष्मान कार्ड भारत सरकार की ओर से बनाये जा रहे हैं, जबकि अटल आयुष्मान योजना उत्तराखण्ड सरकार की है। जिले में तेरह सौ लोगों को योजना का फायदा मिल चुका है।

अब तक अस्सी हजार कार्ड बन चुके हैं। उन्होंने बताया कि योजना की जानकारी आम जन पहुंचाने को लेकर 23 सितम्बर को अगस्त्यमुनि में कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें लोगों को जानकारी दी जायेगी। इन दिनों प्राधिकरण की ओर से विधिक शिविर लगाये जा रहे हैं, जिनमें जिले के चिकित्सक भी भाग ले रहे हैं और शिविर में लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top