Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

अग्निवीर भर्ती के लिए युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण देने की एसओपी तैयार, खेल विभाग ने तय किए मानक..

अग्निवीर भर्ती के लिए युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण देने की एसओपी तैयार, खेल विभाग ने तय किए मानक..

 

 

 

उत्तराखंड: सेना में भर्ती का सपना देखने वाले उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने अग्निवीर भर्ती से पहले युवाओं को तैयार करने के लिए निशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। सीएम पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर खेल विभाग ने इस संबंध में मानक प्रचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार कर ली है। खेल विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में युवाओं को विशेष शारीरिक और लिखित परीक्षा से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे भारतीय सेना की ‘अग्निवीर भर्ती’ में बेहतर प्रदर्शन कर सकें और सेना में करियर बनाने का अपना सपना साकार कर सकें। प्रशिक्षण के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी उत्तराखंड राज्य के मूल व स्थायी निवासी होने चाहिए। इसके साथ ही राज्य में अध्ययनरत या सेवारत युवक-युवतियां भी पात्र होंगे। पात्रता के लिए अभ्यर्थियों का हाईस्कूल परीक्षा में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है।

खेल विभाग ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राज्य के सभी जनपदों में आयोजित किया जाएगा, जहां अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में युवाओं को दौड़, शारीरिक दक्षता, अनुशासन और भर्ती से जुड़े अन्य पहलुओं की तैयारी कराई जाएगी। सीएम धामी ने कहा कि हमारा उद्देश्य राज्य के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सेना जैसे गौरवशाली क्षेत्र में आगे बढ़ाने का अवसर देना है। यह प्रशिक्षण योजना युवाओं को न सिर्फ भर्ती के लिए तैयार करेगी, बल्कि उनमें अनुशासन और आत्मविश्वास भी बढ़ाएगी। खेल विभाग जल्द ही अग्निवीर भर्ती पूर्व प्रशिक्षण के लिए आवेदन की प्रक्रिया और तिथियां जारी करेगा। पात्र युवक-युवतियां जिला खेल कार्यालयों या विभागीय वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। इसके साथ ही हाईस्कूल परीक्षा में प्रत्येक विषय में 33 प्रतिशत अंक से अधिक व आयु 16 वर्ष से अधिक निर्धारित की गई। प्रशिक्षण के लिए जिला खेल कार्यालय व जिला युवा कल्याण अधिकारी कार्यालय में पंजीकरण करना अनिवार्य है।

एसओपी में प्रशिक्षण के लिए स्वास्थ्य संबंधी प्रमाण पत्र जमा करना होगा। प्रशिक्षण के समय खेल की टी-शर्ट, नेकर, स्पोर्ट्स शूज, मौजा पहनकर आना होगा। शरीर पर किसी प्रकार कोई टैटू या अप्राकृतिक स्थायी निशान गुदा नहीं होना चाहिए।उत्तराखंड की शानदार सैन्य परंपरा रही है, यहां के प्रत्येक परिवार से कोई न कोई सदस्य सेना में जाता है। इसीलिए सरकार अग्निवीर भर्ती से पूर्व प्रशिक्षण प्रदान कर रही है। प्रदेश सरकार ने अग्निवीरों को सेवाकाल के बाद सरकारी नौकरियों में आरक्षण देने का निर्णय लिया है।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top