समय पर मनरेगा कार्य पूर्ण न होने पर रोका जायेगा वेतन
मनरेगा में धीमी कार्य गति पर जिलाधिकारी ने लगाई फटकार
15 दिन के भीतर कार्य पूर्ण करने के दिये निर्देश
रुद्रप्रयाग। जिले के अंतर्गत मनरेगा कार्यों की धीमी गति पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग एवं अधिकारी-कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई है। जिलाधिकारी ने ग्राम सभाओं में जाॅब कार्ड के अनुसार मनरेगा कार्यों को 15 दिन के भीतर करने के निर्देश दिये हैं। कार्य पूर्ण न करने पर संबंधित ग्राम विकास अधिकारी, जेई और रोजगार सहायक का वेतन रोकने के निर्देश भी जारी किये हैं।
विकास भवन में मनरेगा कार्यों की समीक्षा करते हुये जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने कहा कि मनरेगा कार्यों में बेहद धीमी गति है, जो कि जिले के विकास के लिये बाधक है। उन्होंने कहा कि जाॅब कार्ड के अनुसार मनरेगा के कार्यों में तेज गति आनी चाहिये। यदि पन्द्रह दिन के भीतर कार्य पूर्ण नहीं होते हैं तो संबंधित जेई, ग्राम विकास अधिकारी और रोजगार सहायक का वेतन रोका जायेगा। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्रत्येक गांव में जाकर मनरेगा द्वारा किये गये कार्यो की प्रगति की रिर्पोट उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुये कहा जिन ग्राम पंचायतों द्वारा मनरेगा से कार्य नहीं कराये जा रहे हंै। उस ग्राम पंचायत के क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य एवं महिला मंगल दल को साथ लेकर मनरेगा के कार्य गांव में कराये जाय।
महात्मा गाँधी राष्ट्रीय रोजगार गारन्टी योजनान्तर्गत युगपतिकरण की प्रगति महात्मा गाँधी जन-जागरण अभियान चलाया जायेगा, इस अभियान के दौरान प्रत्येक विद्यालय में रैली के माध्यम से स्वच्छता के प्रति लोगों में जनजागृति लायी जायेगी। 29 सितम्बर को तिलवाडा, सुमाडी में स्वच्छता रैली/वृक्षा रोपण किया जायेगा। बैठक में कृषि विभाग, सिचांई विभाग, पशु पालन, लघु सिचांई, डेरी, रेशम विभाग, उद्यान, बाल विकास, जल संस्थान आदि विभागों ने मनरेगा से हो रहे कार्यो की प्रगति के बारे में जानकारी दी गयी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी एनएस रावत, जिला विकास अधिकारी एएस. गुंज्याल सहित अन्य मौजूद थे।