बद्रीनाथ-केदारनाथ धाम में दिव्यांगों और बुजुर्गों को मिलेगी विशेष दर्शन सुविधा..
उत्तराखंड: उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा में इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा कदम उठाया गया है। अब बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में आने वाले दिव्यांग श्रद्धालुओं और वरिष्ठ नागरिकों को लंबी कतारों में खड़े होकर दर्शन नहीं करने पड़ेंगे। पहली बार बद्री-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने उनके लिए अलग और सुगम दर्शन व्यवस्था तैयार की है, जिससे हजारों श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब तक धामों में दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए अलग से दर्शन की कोई विशेष व्यवस्था नहीं थी। उन्हें भी आम श्रद्धालुओं की तरह घंटों लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता था। यात्रा सीजन में भारी भीड़ और कठिन मौसम के कारण बुजुर्गों और दिव्यांगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसी को देखते हुए बीकेटीसी ने नई व्यवस्था लागू करने की दिशा में पहल की है।
नई व्यवस्था के तहत 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और शारीरिक व मानसिक रूप से दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए सुबह और शाम अलग से आधा-आधा घंटे का विशेष समय निर्धारित किया जाएगा। इस दौरान उन्हें सामान्य कतार से अलग होकर आसानी से दर्शन करने का अवसर मिलेगा। इसके लिए मंदिर समिति ने विस्तृत मानव प्रचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी तैयार कर ली है। एसओपी के अनुसार विशेष सुविधा का लाभ लेने के लिए श्रद्धालुओं को पहले मंदिर समिति के निर्धारित काउंटर पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।
पंजीकरण के लिए दिखाने होंगे दस्तावेज..
बीकेटीसी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार बुजुर्ग श्रद्धालुओं को आयु सत्यापन के लिए आधार कार्ड दिखाना होगा, जबकि दिव्यांग श्रद्धालुओं को अपना दिव्यांगता प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। सत्यापन के बाद उन्हें विशेष दर्शन व्यवस्था के अंतर्गत प्रवेश दिया जाएगा। मंदिर समिति का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित और श्रद्धालु-हितैषी बनाना है, ताकि बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के भगवान के दर्शन कर सकें। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि धामों में आने वाले दिव्यांग और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यह व्यवस्था तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि अब इन श्रद्धालुओं को आम लाइन में लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा और उनके लिए अलग समय निर्धारित किया जाएगा। समिति जल्द ही इस नई व्यवस्था को दोनों धामों में लागू करेगी।
चारधाम यात्रा में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़..
चारधाम यात्रा में इस वर्ष श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम की चुनौतियों के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु धामों तक पहुंच रहे हैं। अब तक चारों धामों में कुल 13.32 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। आंकड़ों के अनुसार केदारनाथ धाम में सबसे अधिक 5.50 लाख श्रद्धालु पहुंचे हैं, जबकि बद्रीनाथ धाम में 3.44 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं गंगोत्री धाम में 2.18 लाख और यमुनोत्री धाम में 2.20 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 70 से 80 हजार श्रद्धालु चारधाम पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समितियां लगातार सुविधाओं को बेहतर बनाने में जुटी हुई हैं, ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके।