Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

स्वच्छ सर्वेक्षण में रुद्रपुर का जलवा, क्लीन हिमालयन सिटी में हासिल किया पहला स्थान..

स्वच्छ सर्वेक्षण में रुद्रपुर का जलवा, क्लीन हिमालयन सिटी में हासिल किया पहला स्थान..

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के रुद्रपुर शहर ने स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत रुद्रपुर नगर निगम को क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में हिमालयी राज्यों के बीच पहला स्थान मिला है। इस उपलब्धि के लिए नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नगर निगम को सम्मानित किया। महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे ने राष्ट्रपति के हाथों यह पुरस्कार प्राप्त किया। इस सम्मान के साथ रुद्रपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। स्वच्छ सर्वेक्षण में शहरों का आकलन केवल सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई के आधार पर नहीं किया जाता, बल्कि कचरा प्रबंधन, सफाई व्यवस्था, नागरिकों की भागीदारी और स्वच्छता से जुड़े कार्यों के प्रभावी संचालन को भी प्रमुखता दी जाती है।

कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था ने दिलाई पहचान
क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में पहला स्थान हासिल करने के पीछे शहर में संचालित स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की अहम भूमिका रही। घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से नियमित कूड़ा संग्रहण, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करना तथा कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण जैसे मानकों पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके अलावा बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और सामुदायिक क्षेत्रों की सफाई, खुले में कूड़ा फेंकने पर नियंत्रण और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के प्रयासों का भी मूल्यांकन किया गया। सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं को भी सर्वेक्षण के महत्वपूर्ण मानकों में शामिल किया गया था।

पिछली रैंकिंग में भी किया था सुधार
रुद्रपुर नगर निगम ने पिछले सर्वेक्षणों में भी अपनी स्थिति बेहतर करने के प्रयास किए हैं। महापौर विकास शर्मा के मुताबिक, नगर निगम ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी रैंकिंग में बड़ा सुधार करते हुए 467वें स्थान से 169वें स्थान तक का सफर तय किया था। अब क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में हिमालयी राज्यों के बीच प्रथम स्थान हासिल करना शहर के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

महापौर बोले- शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम
पुरस्कार मिलने पर महापौर विकास शर्मा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल नगर निगम का नहीं, बल्कि पूरे रुद्रपुर और उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों को दिया। महापौर ने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। सफाई मित्रों की मेहनत और आम लोगों का सहयोग ही शहर को स्वच्छ बनाने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान से नगर निगम की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। अब शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के साथ इस उपलब्धि को बरकरार रखने के लिए भी लगातार काम किया जाएगा।

 

To Top