Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

पांच दिन से लापता ट्रैकर्स की तलाश तेज, केदारताल में दो शव मिले, छह की खोज जारी..

पांच दिन से लापता ट्रैकर्स की तलाश तेज, केदारताल में दो शव मिले, छह की खोज जारी..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के केदारताल ट्रैक पर लापता आठ ट्रैकर्स की तलाश के दौरान रेस्क्यू टीम को दो लोगों के शव बरामद हुए हैं। मृतकों में एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। बाकी छह ट्रैकर्स की खोज के लिए एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की टीमें दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में अभियान चला रही हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने दो शव मिलने की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार, करीब पांच दिन पहले केदारताल ट्रैक पर कच्ची ढांग के पास आठ ट्रैकर्स के फंसे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद से ही एसडीआरएफ और निम की टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई थीं। मंगलवार को मौसम अनुकूल होने के बाद बचाव दल ने करीब 4,000 मीटर की ऊंचाई पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान टीम को एक महिला और एक पुरुष का शव मिला। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों शव लापता ट्रैकर्स के होने की आशंका है। बुधवार को हेलिकॉप्टर की मदद से शवों को हर्षिल हेलीपैड तक लाने की तैयारी है।

छह अन्य ट्रैकर्स की तलाश में जारी रहेगा अभियान
दो शव मिलने के बाद हादसे की गंभीरता और बढ़ गई है। हालांकि, लापता अन्य छह लोगों की तलाश अभी जारी है। निम और एसडीआरएफ की हाई एल्टीट्यूड रेस्क्यू टीम बुधवार को भी दुर्गम इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाएगी। एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के अनुसार, रेस्क्यू अभियान में जुटी टीम को अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराने के लिए बुधवार को एक और टीम केदारखड़क भेजी जाएगी। यह टीम अपने साथ भोजन, रसद और जरूरी लाइफ सपोर्ट उपकरण लेकर जाएगी, ताकि ऊंचाई वाले क्षेत्र में अभियान को लगातार जारी रखा जा सके। फिलहाल बचाव दल का पूरा ध्यान शेष छह ट्रैकर्स का पता लगाने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने पर है। खराब मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

 

 

 

To Top