रुद्रप्रयाग जिले को मिली बड़ी उपलब्धि..
जनपद से 5 राज्य स्तरीय कबड्डी रेफरी चयनित..
उत्तराखंड: रुद्रप्रयाग जनपद के लिए खेलों के क्षेत्र में यह एक ऐतिहासिक और गर्व का क्षण है। पारंपरिक और लोकप्रिय खेल कबड्डी को नई पहचान दिलाने की दिशा में जनपद ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है। जिले के पांच खेल प्रेमियों को राज्य स्तरीय कबड्डी रेफरी के रूप में मान्यता प्राप्त हुई है, जो न केवल रुद्रप्रयाग बल्कि पूरे उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे। इन सभी का चयन सितंबर 2025 में आयोजित राज्य स्तरीय कबड्डी रेफरी प्रशिक्षण एवं प्रमाणन कार्यक्रम के माध्यम से किया गया। यह विशेष प्रशिक्षण शिविर प्रेमनगर आश्रम में आयोजित हुआ था, जिसमें उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से आए कुल 61 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें शिक्षक, शिक्षिकाएं और सक्रिय खिलाड़ी शामिल थे। प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कबड्डी खेल को पेशेवर स्तर पर विकसित करना और इसे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार करना था।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को कबड्डी के नवीनतम नियमों, तकनीकी पहलुओं, निष्पक्ष निर्णय प्रणाली, मैच संचालन की प्रक्रिया, स्कोरिंग सिस्टम, फाउल पहचान और निर्णय देने की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा रेफरी के दायित्वों और खेल के दौरान निष्पक्षता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों की परीक्षा और मूल्यांकन किया गया, जिसके आधार पर सफल अभ्यर्थियों को प्रमाणन प्रदान किया गया। रुद्रप्रयाग के पांच प्रतिभागियों का राज्य स्तरीय रेफरी के रूप में चयन होना जनपद के खेल विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की है और उम्मीद जताई है कि इससे जिले में कबड्डी सहित अन्य खेलों को भी नई दिशा और पहचान मिलेगी।
राज्य स्तरीय कबड्डी रेफरी प्रशिक्षण शिविर में रुद्रप्रयाग जनपद के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के तकनीकी निदेशक जगदीश्वर यादव और अंतरराष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी राणा रंजीत सिंह ने प्रतिभागियों को कबड्डी के आधुनिक तकनीकी पहलुओं और व्यावहारिक प्रशिक्षण से रूबरू कराया। प्रशिक्षण के दौरान खेल के नियमों की बारीकियां, निर्णय प्रक्रिया, मैच प्रबंधन, निष्पक्ष अंपायरिंग और तकनीकी मानकों पर विशेष फोकस किया गया। अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को वास्तविक मैच परिस्थितियों में निर्णय लेने का अभ्यास भी कराया गया। इस प्रतिष्ठित प्रशिक्षण कार्यक्रम में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रुद्रप्रयाग जनपद के जिला क्रीड़ा समन्वयक शिव सिंह नेगी, व्यायाम शिक्षक मोहन सिंह रावत, योगम्बर कंडारी, सुभाष नेगी और मीना बिष्ट ने राज्य स्तरीय कबड्डी रेफरी के रूप में मान्यता प्राप्त की।
इन सभी का चयन जनपद के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि रुद्रप्रयाग अब केवल उभरते हुए खिलाड़ियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अब उच्च स्तरीय खेल अधिकारियों और रेफरियों की पहचान के रूप में भी उभर रहा है। इससे जिले के स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभवी और प्रमाणित रेफरियों का मार्गदर्शन मिलेगा, जिससे खेल स्तर में गुणवत्ता और अनुशासन दोनों में सुधार आएगा। पांचों प्रतिनिधियों के चयन की खबर से जिले में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों, शिक्षकों, खिलाड़ियों और स्थानीय नागरिकों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे रुद्रप्रयाग के लिए गौरव का क्षण बताया है। जिला स्तरीय खेल संगठनों ने भरोसा जताया है कि यह उपलब्धि आने वाले समय में जनपद में कबड्डी के विकास को नई गति और दिशा प्रदान करेगी।