उत्तराखंड

रुद्रप्रयाग में सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर खाई में पलटा वाहन, दो लोग घायल..

रुद्रप्रयाग में सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर खाई में पलटा वाहन, दो लोग घायल..

 

 

 

उत्तराखंड: रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि क्षेत्र में बुधवार सुबह एक वाहन सड़क से अनियंत्रित होकर नीचे जा पलटा। हादसे के समय वाहन में दो लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में दोनों यात्रियों की जान बच गई और उन्हें केवल मामूली चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। जानकारी के अनुसार दुर्घटना तिमली-गंगानगर मोटर मार्ग पर सुबह लगभग 10:14 बजे हुई। बताया जा रहा है कि वाहन अचानक चालक का नियंत्रण खो बैठा और सड़क से नीचे पलट गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए वाहन में फंसे दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार हादसे में घायल हुए दोनों लोगों की स्थिति सामान्य है और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है। दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की पहचान गणेश (38 वर्ष), निवासी ग्राम फलई और महावीर (28 वर्ष), निवासी क्यूजा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और घुमावदार मार्गों पर निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top