Uttarakhand DIPR
देश/ विदेश

तीन दिवसीय दौरे पर दून पहुंचीं प्रियंका गांधी वाड्रा..

तीन दिवसीय दौरे पर दून पहुंचीं प्रियंका गांधी वाड्रा..

देश-विदेश : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को दून और पहाड़ों की रानी मसूरी लुभाती रहती है। प्रियंका तीन दिनी निजी दौरे के सिलसिले में शुक्रवार को दून पहुंची। उनके दौरे के मद्देनजर सुरक्षा के चाक-चौबंद बंदोबस्त किए गए हैं। निजी दौरे की वजह से उन्होंने कांग्रेस संगठन और नेताओं से दूरी बनाई हुई है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का देहरादून के साथ पुराना लगाव है। उनकी स्कूलिंग भी देहरादून के वेल्हम गर्ल्स स्कूल में हुई थी। खुशनुमा आबोहवा और पुराने दिनों को याद करने प्रियंका अक्सर दून आती रहती हैं।

सूत्रों के अनुसार, क्रॉस रोड निवासी एक महिला मित्र के साथ वह देर शाम दून स्कूल पहुंची। उनकी सुरक्षा के लिए साथ आ रही पुलिस को भी उन्होंने लौटा दिया। इस दौरान केवल उनके निजी सुरक्षाकर्मी ही साथ थे। पूर्व में भी प्रियंका कई बार बेटे से मिलने दून स्कूल आती रही हैं। द दून स्कूल में उन्होंने हेडमास्टर समेत अन्य अध्यापकों से मुलाकात की। रेहान भी अपने शिक्षकों से मिलकर खुश हुए। इसके बाद उन्होंने डिनर किया और रात करीब साढ़े दस बजे यहां से रवाना हो गईं।

 

 

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा निजी दौरे पर देहरादून पहुंचीं तो गुनियाल गांव को पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया। यहां चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही। पुलिस को भी अंतारा सीनियर लिविंग अपार्टमेंट परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया। जिसके चलते पुलिस गुनियाल गांव और आसपास के क्षेत्र में ही सुरक्षा व्यवस्था बनाती रही।

दोपहर करीब 2.30 बजे पुलिस अंतारा सीनियर लिविंग अपार्टमेंट के आसपास सुरक्षा चाक-चौबंद करने में जुट गई। इस दौरान केवल बम निरोधक दस्ते को परिसर का जायजा लेने की अनुमति दी गई। दस्ते ने परिसर की छानबीन करने के बाद सुरक्षा की पुष्टि की।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top