प्रधान मयकोटी के प्रयासों की जनता ने की सराहना..
जनता के मीलों का सफर हुआ कम, प्रधान का जताया आभार..
रुद्रप्रयाग: प्रधान मयकोटी के अथक प्रयासों से पंचायत स्तरीय अधिकारी अब न्याय पंचायत में आकर जनता की समस्याओं को दूर कर रहे हैं। इससे पहले ये अधिकारी अगस्त्यमुनि और तिलवाड़ा में कार्यालय खोलकर रहा करते थे, जिस कारण जनता को 25 से 30 किमी का सफर तय करके इनके पास जाना पड़ता था और उनका समय के साथ ही आर्थिकी का भी नुकसान होता था, मगर अब इन अधिकारियों के न्याय पंचायत में बैठने से जनता के काम आसान हो गए हैं। ग्रामीण जनता ने इसके लिए ग्राम प्रधान मयकोटी अमित प्रदाली का आभार जताया है।
दरअसल, न्याय पंचायत मयकोटी के अन्तर्गत दस ग्राम सभाएं आती हैं और इन ग्राम सभाओं की जनता को दाखिल खारिज, परिवार रजिस्टर की नकल, राशन कार्ड, जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य कामों के लिए पंचायत मंत्री, ग्राम विकास अधिकारी एवं राजस्व उप निरीक्षक की ढूंढखोज में तिलवाड़ा व अगस्त्यमुनि के चक्कर लगाने पड़ रहे थे। कभी-कभार तो इन अधिकारियों के न मिलने से जनता को बैरंग वापस लौटना पड़ता था और इनका समय के साथ-साथ आथिक नुकसान भी हो रहा था। ऐसे में ग्राम प्रधान मयकोटी एवं प्रधान संगठन के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमित प्रदाली ने जनता की समस्याओं को समझते हुए जिलाधिकारी वंदना सिंह से मुलाकात की और न्याय पंचायत मयकोटी में पंचायत अधिकारियों की तैनाती की मांग की। ग्राम प्रधान की मांग पर शीघ्र कार्यवाही करते हुए जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग व खण्ड विकास अगस्त्यमुनि को निर्देश दिए, जिसके बाद अब सप्ताह में दो दिन पंचायत मंत्री, ग्राम विकास अधिकारी व राजस्व उप निरीक्षक न्याय पंचायत मयकोटी में उपस्थित होकर जनता की समस्याओं को दूर कर रहे हैं।
यहां पर प्रधान अमित प्रदाली की ओर से प्रधान कार्यालय खोला गया है और जनता यहां पर आकर अपनी समस्याओं को रख रही है। ग्रामीण कैलाश शर्मा, राजेश बशिष्ठ, अंशुल बशिष्ठ, अरूण शर्मा, नरेन्द्र लाल ने कहा कि ग्राम प्रधान मयकोटी अमित प्रदाली के अथक प्रयासों से न्याय पंचायत मयकोटी में पंचायत स्तरीय अधिकारी बैठने लगे हैं। इससे पहले ग्रामीण जनता को 25 से 30 किमी का सफर तय करके तिलवाड़ा व अगस्त्यमुनि के चक्कर लगाने पड़ रहे थे। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तरीय अधिकारियों के न्याय पंचायत में बैठने से मयकोटी, कुमोली, कर्णधार, बोंरा, चामक, सौड़-भटगांव, बावई, बैंजी, चैकी-बर्सिल के ग्रामीणों को लाभ मिल रहा है। ग्राम प्रधान की ओर से यहां पर प्रधान कार्यालय खोला गया है। क्षेत्र की दस हजार की जनता प्रधान कार्यालय में आकर अपनी समस्याओं को रख रही है, जिसका निस्तारण समय से किया जा रहा है।
वहीं प्रधान संगठन के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रधान मयकोटी अमित प्रदाली ने कहा कि जनता की समस्याओं को देखते हुए जिलाधिकारी से पंचायत स्तरीय अधिकारियों को न्याय पंचायत मयकोटी में बैठाने की मांग की गई, जिस पर त्वरित कार्यवाही की गयी। ग्राम प्रधान ने इसके लिए जिलाधिकारी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास को लेकर संघर्ष किया जा रहा है और जनता को साथ लेकर विकास कार्यो को गति प्रदान की जायेगी।
