Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन को किया जाय लागू: बहुगुणा..

कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन को किया जाय लागू: बहुगुणा..

पेंशन प्रकाश यात्रा के अगस्त्यमुनि पहुंचने पर फूल मालाओं से जोरदार स्वागत..

जब तक सरकार पुरानी पेंशन योजना को लागू नहीं करती, तब तक संघर्ष रहेगा जारी..

रुद्रप्रयाग: पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा द्वारा आयोजित पेंशन प्रकाश यात्रा के जनपद आगमन पर जनपद कार्यकारिणी की ओर से जोरदार स्वागत किया गया।

प्रान्तीय अध्यक्ष के नेतृत्व में देहरादून शहीद स्थल से 29 मई को प्रारम्भ हुई दस दिनों तक चलने वाली पेंशन प्रकाश यात्रा के शुक्रवार देर सांय अगस्त्यमुनि के सिल्ली में पहुंचने पर जनपदीय अध्यक्ष अंकित रौथाण के नेतृत्व में बड़ी संख्या में उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रकाश यात्रा के सदस्यों का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया।

यहां पर हुई बैठक में अपने संबोधन में पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश बहुगुणा ने कहा कि पेंशन हर कर्मचारी का अधिकार है। पूरे देश में पेंशन का एक ही विधान होना चाहिए। एक ओर सरकार जन कल्याण योजनाओं में गरीबों को विभिन्न पेंशन देकर उनके वृद्धावस्था को सुरक्षित कर रही है। वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों की पेंशन बन्द कर उनका बुढ़ापा असुरक्षित किया जा रहा है। यह सामाजिक न्याय के खिलाफ है।

कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर वे अपने साथियों के साथ पूरे उत्तराखण्ड में जनजागरण करने निकले हैं। क्यांेकि यह केवल कर्मचारियों के हित का मामला नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश की आर्थिकी से भी जुड़ा मामला है। इसलिए जनता को भी इसे समझना होगा। इसीलिए उन्होंने इस यात्रा का नाम पेंशन प्रकाश यात्रा रखा है। जो पूरे प्रदेश वासियों को जागरूक कर उन्हें प्रकाश दिखायेगा। मोर्चा के गढ़वाल मण्डल अध्यक्ष जयदीप रावत ने कहा कि नई पेंशन कर्मचारियों के साथ छलावा है।

इसके अन्तर्गत सेवा निवृत होने पर कर्मचारी को बहुत ही कम पेंशन प्राप्त हो रही है। कुमाऊं मण्डल अध्यक्ष योगेश घिल्डियाल ने कहा कि पूरे देश में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर आन्दोलन चल रहा है। तीन प्रदेशों में मोर्चे को सफलता मिल चुकी है और वहां पर पुरानी पेंशन योजना लागू हो चुकी है।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि उत्तराखण्ड में भी सरकार कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन को अवश्य लागू करेगी। मंडलीय उपाध्यक्ष दाताराम भट्ट ने कहा कि अब कर्मचारियों ने ठान लिया है कि जब तक सरकार पुरानी पेंशन योजना को लागू नहीं करती है तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

बैठक को पंकज ध्यानी, सुबोध नेगी, बृजेश पंवार, अजय नेगी, राजेश कुकरेती आदि ने भी सम्बोधित किया। इससे पूर्व मोर्चे के सदस्यों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपचुनाव में रिकार्ड जीत पर उन्हें बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे कर्मचारी हित में शीघ्र ही पुरानी पेंशन योजना को बहाल करेंगे। इस अवसर पर सभी सदस्यों द्वारा आन्दोलन को मुकाम तक पहुंचाने तक संघर्ष करते रहने की शपथ भी ली गई। मोर्चे के जिलाध्यक्ष अंकित रौथाण ने आगन्तुक अतिथियों का स्वागत एवं आभार प्रकट किया।

संचालन मंडलीय महासचिव नरेश कुमार भट्ट ने किया। इस अवसर पर शंकर भट्ट, रणवीर सिंन्धवाल, शशि चैधरी, रश्मि गौड़, विक्रम झिंक्वाण, दिनेश भट्ट, भानुप्रताप रावत, सुधीर बर्त्वाल, संजय सजवाण, गजेन्द्र राणा सहित बड़ी संख्या में मार्चे के सदस्य मौजूद थे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top