राजधानी देहरादून में हत्या से हड़कंप, बोरे में बंद युवती की लाश जंगल से मिली..
उत्तराखंड: राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मांडूवाला इलाके में सड़क किनारे जंगल क्षेत्र से एक बोरे में बंद महिला का शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मांडूवाला क्षेत्र में सड़क किनारे जंगल की झाड़ियों से एक कट्टे (बोरे) से तेज दुर्गंध उठ रही थी। आसपास से गुजर रहे लोगों को शक हुआ तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध बोरे को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस द्वारा बोरा खोलकर देखा गया तो उसके भीतर एक महिला का शव मिला। शव की हालत और दुर्गंध को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि मौत को करीब छह से सात दिन का समय बीत चुका है। मृतका की आयु लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य संकलित किए। आसपास के क्षेत्र की गहन तलाशी ली गई और घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव को घुटनों से मोड़कर बोरे में भरा गया था, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। मृतका की शिनाख्त के लिए जिले के सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान किया जा रहा है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने कहा कि शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से स्थानीय क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध जानकारी को तत्काल प्रशासन के साथ साझा करने की अपील की है।