भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह जीना का आकस्मिक निधन..
उत्तराखंड : मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्ष ने सल्ट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक सुरेंद्र सिंह जीना के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंंने कहा आज हमने राजनीति एवं समाज की सेवा में अग्रणी रहने वाले एक धरोहर को खो दिया है। व्यक्तित्व के धनी एवं विधायी कार्यवाही के जानकार सुरेंद्र सिंह जीना के निधन की खबर सुनकर शोक स्तब्ध हैं।
भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह जीना कोरोना संक्रमण से पीड़ित थे। बुधवार को देर रात उनका निधन हो गया। आठ दिसम्बर 1969 को जन्मे जीना भाजपा के तेजतर्रार, जनाधार वाले और सक्रिय नेता थे। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वह लगातार तीसरी बार विधानसभा पहुंचे।
2007 में वह पहली बार भिकियासैंण से चुनाव जीते। परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई सल्ट विधानसभा सीट से वह 2012 और 2017 में विधायक बने। त्रिवेंद्र मंत्रिमंडल विस्तार की सम्भावनाओं के बीच उन्हें मंत्री पद का सशक्त दावेदार माना जा रहा था।
कुछ दिन पूर्व उनकी पत्नी नेहा के कोरोना से निधन के बाद जीना की तबीयत भी नासाज हो गई थी। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके असामयिक निधन से भाजपा में शोक की लहर है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है। उनके आवास पर आज मीडियाकर्मियों से मिलन कार्यक्रम भी स्थगित हो गया। उनकी बेदाग छवि, हंसमुख मुस्कान एव समाज के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा हमारे लिए हमेशा प्रेरणा स्रोत का कार्य करेगा।