Uttarakhand DIPR
देश/ विदेश

केंद्रीय मंत्री सुरेश अंगड़ी का हुआ कोरोना से निधन…

केंद्रीय मंत्री सुरेश अंगड़ी का हुआ कोरोना से निधन...

दिल्ली एम्स में चल रहा था इलाज, कर्नाटक के बेलगावी से थे सांसद..

देश-विदेश : केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का निधन हो गया है। 65 वर्षीय अंगड़ी पिछले दिनों कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे और दिल्ली के एम्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। सुरेश अंगड़ी ने 11 सितंबर को ट्वीट कर कोरोना वायरस से संक्रमित होने की सूचना दी थी। आज उनका दिल्ली में ही अंतिम संस्कार हो सकता है। पिछले दो सप्ताह से उनका इलाज दिल्ली एम्स के ट्रामा सेंटर में चल रहा था, लेकिन लगातार बढ़ते संक्रमण के कारण डॉक्टर उनको बचा नहीं सके।

रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी के निधन की वजह से दिल्ली में सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। अंगड़ी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह, गिरिराज सिंह समेत अन्य नेताओं ने दुख जताया है। वहीं उनके आवास पर नेताओं के पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया।

चौथी बार कर्नाटक के बेलगावी से सांसद चुने गए थे..

कर्नाटक के बेलगावी लोकसभा क्षेत्र से चौथी बार सांसद निर्वाचित हुए अंगड़ी 11 सिंतबर को कोविड-19 (कोरोना वायरस) से संक्रमित पाए गए थे। उन्होंने खुद ही ट्वीट के जरिये सभी को इस बात की जानकारी देते हुए अपने संपर्क में आए लोगों को आइसोलेशन की सलाह दी थी। अंगड़ी को भी शुरुआत में लक्षण नहीं होने के कारण पहले होम आइसोलेशन में ही रखा गया था

लेकिन बाद में सांस की तकलीफ शुरू होने पर दो सप्ताह पहले उन्हें एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी तबियत काफी गंभीर थी। मंगलवार से ही उनकी सेहत में काफी गिरावट आ गई थी। छाती में संक्रमण बढ़ने के चलते उन्हें लगातार सांस लेने में दिक्कत और सीने में दर्द की शिकायत थी। बुधवार रात आठ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार आज दिल्ली में किया जाएगा।

इस जानलेवा महामारी के कारण अपनी जिंदगी गंवाने वाले अंगड़ी चौथे सांसद हैं। उनसे पहले करीब 6 विधायक और 3 सांसदों का कोरोना संक्रमण के कारण निधन हो चुका है। पिछले महीने 31 अगस्त को अंतिम सांस लेने वाले पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की कोविड-19 रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली थी।

अंगड़ी के निधन से राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी बेहद दुखी दिखाई दिए। उन्होंने दो लगातार ट्वीट में लिखा, केंद्रीय रेलवे राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी के निधन की जानकारी से स्तब्ध हूं। सर्वप्रिय नेता सुरेश अंगड़ी ने अपने लोकसभा क्षेत्र बेलगावी और कर्नाटक के लोगों के लिए बिना थके अनवरत काम किया।

अपनी अदम्य भावना के साथ उन्होंने विनम्रता और दृढ़ता से जनसेवा को अंजाम दिया। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार व प्रिय जनों के साथ हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने दुख जताते हुए ट्वीट में कहा, सुरेश अंगड़ी एक अनूठे कार्यकर्ता थे, जिन्होंने कर्नाटक में पार्टी को मजबूत बनाने में बेहद मेहनत की थी। वह समर्पित सांसद और प्रभावी मंत्री थे, जिन्हें सभी से सम्मान मिलता था। उनका निधन बेहद दुखद है। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार व दोस्तों के साथ है, ऊं शांति।
https://twitter.com/narendramodi/status/1308796654364037120?s=20

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा-राष्ट्र और पार्टी के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। मेरी गहरी संवेदना उनके परिवार के साथ है। शांति शांति शांति

सरकारी कार्यालयों में आज झुके रहेंगे ध्वज..

केंद्रीय रेलवे राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी के आकस्मिक निधन के चलते बृहस्पतिवार को दिल्ली में सभी केंद्रीय सरकारी विभागों में राष्ट्रीय झंडा आधा झुकाकर शोक मनया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बुधवार शाम को इस बात की घोषणा की थी।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top