उत्तराखंड

आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंत्री रेखा आर्या ने की समीक्षा..

आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंत्री रेखा आर्या ने की समीक्षा..

 

 

उत्तराखंड: सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में विभागीय मंत्री रेखा आर्य ने सोमवार को कर्णप्रयाग में अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की। बैठक में चमोली जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रस्तावित ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम को लेकर तैयारियों पर चर्चा हुई। जिले के 1078 आंगनबाड़ी केंद्रों में 25 अक्टूबर से इन कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं और उनके लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।

मंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि ऐसे लोगों तक भी पहुंच बनाना है जो पात्र होने के बावजूद किसी सरकारी योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। अधिकारियों को ऐसे लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए। ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किए जाएंगे। इनमें राज्य और केंद्र सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी आम लोगों को दी जाएगी। साथ ही पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया में सहयोग किया जाएगा। रेखा आर्य ने अधिकारियों को कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन के लिए विभागीय कर्मचारियों और संगठन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का असर जमीनी स्तर पर दिखाई देना चाहिए और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर निर्धारित कार्यक्रम समय से आयोजित किए जाएं।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top