उत्तराखंड

मसूरी में बड़ा सड़क हादसा, झड़ीपानी रोड पर खाई में गिरी कार, चार की मौत..

मसूरी में बड़ा सड़क हादसा, झड़ीपानी रोड पर खाई में गिरी कार, चार की मौत..

 

 

उत्तराखंड: मसूरी के बार्लोगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। झड़ीपानी रोड पर एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सैकड़ों मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और स्वास्थ्य विभाग की आपातकालीन टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव अभियान तत्काल शुरू किया गया। दुर्गम और खतरनाक इलाके में घंटों की मशक्कत के बाद बचाव दल ने खाई में उतरकर शवों को बाहर निकाला।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना झड़ीपानी रोड के पास एक तीव्र ढलान वाले क्षेत्र में हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे से कुछ देर पहले कार सवार पास की एक दुकान पर रुके थे और वहां से सामान खरीदने के बाद अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन जैसे ही ढलान की ओर बढ़ा, वह तेज गति से नीचे जाने लगा और चालक उसे नियंत्रित नहीं कर सका। इसके बाद कार सड़क से बाहर निकलकर खाली प्लॉट को पार करते हुए गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत, मनीत (19 वर्ष), सविता (48 वर्ष) निवासी नेहरू नगर, गाजियाबाद तथा संगीता (46 वर्ष) निवासी करोलबाग, दिल्ली के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा।

प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का संभावित कारण वाहन के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि तीव्र ढलान पर वाहन का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया, जिसके चलते चालक कार को रोक नहीं पाया। हालांकि पुलिस और तकनीकी टीम द्वारा दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मसूरी पुलिस, क्षेत्राधिकारी मसूरी और देहरादून नगर पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की और दुर्घटना से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों से पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने और वाहन की तकनीकी स्थिति की नियमित जांच कराने की अपील की है।

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top