उत्तराखंड

राशन कार्डधारकों के लिए बड़ा ऐलान, एक साथ मिलेगा तीन महीने का अनाज..

राशन कार्डधारकों के लिए बड़ा ऐलान, एक साथ मिलेगा तीन महीने का अनाज..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत इस बार बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। राज्य के 23 लाख से अधिक राशन कार्डधारकों को अप्रैल माह में ही एक साथ तीन महीने का खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें मई और जून का अग्रिम राशन भी शामिल रहेगा, जिससे लाभार्थियों को समय से पहले ही आवश्यक अनाज मिल सकेगा। खाद्य विभाग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत अप्रैल, मई और जून 2026 का राशन इसी महीने वितरित किया जाएगा। इस व्यवस्था को सुचारु रूप से लागू करने के लिए ई-पॉश मशीनों के माध्यम से ऑनलाइन वितरण की तैयारी पूरी कर ली गई है।

हालांकि इस प्रक्रिया में लाभार्थियों को प्रत्येक महीने के राशन के लिए अलग-अलग बायोमीट्रिक सत्यापन कराना होगा। यानी तीन महीने का राशन लेने के लिए तीन बार फिंगरप्रिंट या अन्य बायोमीट्रिक प्रक्रिया पूरी करनी होगी। विभाग का कहना है कि इससे पारदर्शिता बनी रहेगी और वितरण में किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना कम होगी। इसके साथ ही उन राशन कार्डधारकों को भी राहत दी गई है, जो मार्च 2026 का राशन किसी कारणवश नहीं ले पाए थे। ऐसे लाभार्थी 15 अप्रैल तक अपना बकाया खाद्यान्न प्राप्त कर सकते हैं।

इधर एक साथ तीन महीने का राशन वितरण किए जाने के फैसले पर राशन विक्रेताओं ने कुछ व्यावहारिक दिक्कतें भी सामने रखी हैं। ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने विभागीय मंत्री रेखा आर्या से मुलाकात कर इस व्यवस्था पर पुनर्विचार की मांग की है। विक्रेताओं का कहना है कि एक साथ तीन महीने का राशन बांटने से दुकानों पर भीड़ बढ़ सकती है, जिससे व्यवस्थाएं प्रभावित होंगी। साथ ही तीन बार बायोमीट्रिक ट्रांजेक्शन कराने की प्रक्रिया को भी जटिल बताते हुए इसे एक बार में पूरा करने की मांग रखी गई है। फिलहाल विभाग अपने निर्णय पर कायम है और तय कार्यक्रम के अनुसार अप्रैल में ही तीनों महीनों का राशन वितरण सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य जारी है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि इस नई व्यवस्था को जमीनी स्तर पर कितनी सहजता से लागू किया जा पाता है।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top