केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बड़ा हादसा..
सोनप्रयाग में पहाड़ी से गिरे पत्थर, एक की मौत..
उत्तराखंड: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। सोनप्रयाग स्थित हनुमान मंदिर के पास अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर गिरने लगे, जिसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद यात्रा मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार घटना उस समय हुई जब मार्ग पर आवाजाही जारी थी। अचानक पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन दो लोग इसकी चपेट में आ गए। मृतकों और घायलों में एक नेपाली मूल का व्यक्ति तथा एक स्थानीय निवासी शामिल बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों और सुरक्षा कर्मियों की मदद से घायल व्यक्ति को तुरंत बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। प्रशासन ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे के बाद प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। संवेदनशील और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि जिन स्थानों पर पत्थर गिरने का खतरा अधिक है, वहां संचालित अस्थायी दुकानों और ढांचों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से रुकने से बचें। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बदलते मौसम और भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए यात्रा मार्ग पर निगरानी भी बढ़ा दी गई है।