Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

हिंदी कहानी जगत के दिग्गज स्व. शैलेश मटियानी को मिला उत्तराखंड गौरव सम्मान..

हिंदी कहानी जगत के दिग्गज स्व. शैलेश मटियानी को मिला उत्तराखंड गौरव सम्मान..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करने वाले दिग्गज लेखक स्व. शैलेश मटियानी को राज्य सरकार द्वारा उत्तराखंड गौरव सम्मान 2025 से सम्मानित किया गया। सोमवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सीएम आवास में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान उनके पुत्र राकेश मटियानी को यह सम्मान प्रदान किया। सरकार ने यह सम्मान स्व. मटियानी को उनकी असाधारण साहित्यिक उपलब्धियों, हिंदी कहानी विधा में अमूल्य योगदान, तथा उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित करने के लिए दिया है। स्व. मटियानी का साहित्य समाज के ताने-बाने, संघर्ष और संवेदनाओं को बेहद सजीवता से चित्रित करता है। कार्यक्रम में सीएम धामी ने कहा कि स्व. शैलेश मटियानी केवल एक साहित्यकार नहीं थे, बल्कि संवेदनाओं के कुशल शिल्पकार थे। उन्होंने कहा कि आधुनिक हिंदी कहानी आंदोलन में मटियानी जी का योगदान अविस्मरणीय है। आम जनमानस की पीड़ा, संघर्ष और सामाजिक यथार्थ को जिस प्रभावशाली शैली में उन्होंने शब्द दिए, वह उन्हें भारतीय साहित्य के श्रेष्ठ रचनाकारों की श्रेणी में लाकर खड़ा करता है। सीएम ने आगे कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य के उन साहित्यकारों, कलाकारों और व्यक्तित्वों को सम्मानित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिन्होंने प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। कार्यक्रम में साहित्य, संस्कृति और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कई प्रबुद्धजन भी उपस्थित रहे।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार हमेशा उन महान प्रतिभाओं के योगदान को सम्मान देती है, जिन्होंने अपनी लेखनी, कर्म और रचनात्मकता के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को दिशा और प्रेरणा दी है। उन्होंने कहा कि स्व. मटियानी की रचनाएँ ‘बोरीवली से बोरीबंदर’, ‘मुठभेड़’, ‘अधागिनी’, ‘चील’ समेत कई कथाकृतियाँ आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं और हिंदी साहित्य में उनका महत्वपूर्ण स्थान है। सीएम धामी ने कहा कि मरणोपरांत यह सम्मान स्व. मटियानी के परिवार को सौंपना राज्य सरकार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने राकेश मटियानी का सम्मान करते हुए कहा कि साहित्यकारों का सम्मान न केवल उनके परिवार को गौरवान्वित करता है, बल्कि समाज और पूरे प्रदेश को भी समृद्ध करता है। कार्यक्रम में स्व. मटियानी के पुत्र राकेश मटियानी ने राज्य सरकार और सीएम धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे प्रदेश के साहित्य प्रेमियों और स्व. मटियानी के प्रशंसकों के लिए गौरव का पल है। इस अवसर पर सचिव विनोद कुमार सुमन सहित कई साहित्यकार, अधिकारी और साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top