देहरादून। राजधानी के प्रेमनगर थाने में एक महिला ने ख़ुद को जज बताकर जमकर हंगामा किया। गुस्साई महिला थाने में अपने लड़के को पीटने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने के लिए पहुंची हुई थी। इस दौरान महिला ने पुलिस कर्मियों के साथ ही हाथापाई शुरू कर दी।
महिला का कहना है कि देहरादून के ही एक कॉलेज में उसका बेटा पढ़ता है जिसको कुछ लड़कों ने पीट दिया। महिला पुलिसकर्मियों से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रही थी, लेकिन इसी बीच वो किसी बात पर आग बबूला हो गयी और पुलिसकर्मियों की ही पिटाई करने लगी।
महिला की हरकत और गाली गलौज करते हुए कुछ पुलिसकर्मी वीडियो बना रहे थे जिसका वो विरोध कर रही थी। खास बात ये थी कि महिला खुद को उत्तर प्रदेश से बताने के साथ-साथ अपने आपको जज भी बता रही थी। अब पुलिस महिला के बारे में जानकारी जुटा रही है।