Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

बारातियों के दो वाहन खाई में गिरे, तीन लोगों की मौत.

बारातियों के दो वाहन खाई में गिरे, तीन लोगों की मौत.

उत्तराखंड: बागेश्वर और बेड़ीनाग में दो बरातों में शामिल वाहन खाई में गिर गए। इससे दूल्हे के भाई समेत तीन लोगों की मौत हो गई। काफलीगैर तहसील के जेठाई गांव के निकट बरात में शामिल जीप गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में किशोर समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि छह लोग घायल हो गए। इनमें गंभीर रूप से घायल चार लोगों को जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर कर दिया है। वाहन में सवार अधिकतर लोग छोलिया दल के बताए जा रहे हैं। राजस्व पुलिस ने दुर्घटना के लिए चालक को जिम्मेदार मानते हुए गिरफ्तार कर लिया है।

बृहस्पतिवार को बंगचूड़ी गांव से बरात सनगाड़ गई थी। रात में करीब 9 बजे बरात में शामिल जीप  लौटते वक्त जेठाई गांव के पास 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। रात करीब 11 बजे जिला आपदा प्रबंधन विभाग को जिला कंट्रोल रूम से हादसे की जानकारी मिली। सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। हादसे में गौरव कुमार उर्फ गोकुल राम उर्फ गोलू (17) पुत्र भूपेश राम निवासी माणा कभड़ा और महेश सिंह (40) पुत्र महेंद्र सिंह निवासी बंगचूड़ी की मौके पर ही मौत हो गई।

 

 

काफलीगैर के नायब तहसीलदार बीएस मटियानी ने बताया कि वाहन चालक सुरेश चंद्र निवासी जेठाई वाहन अनियंत्रित होने पर वाहन से कूद गया था और हादसे के बाद भाग गया था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 279/304 ए के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। शुक्रवार को जिला मुख्यालय में पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।

बेड़ीनाग से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को बागेश्वर जिले के चंतोला गांव से ओम प्रकाश पुत्र कृष्ण राम की बरात पुराना थल आई। देर शाम लौटते वक्त बेलकोट चौपाता के करीब बरात में शामिल वाहन 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में दूल्हे के छोटे भाई दीप की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को बेड़ीनाग अस्पताल पहुंचाया।

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top