खेल

ईरान को हराकर एशियन गेम्स में फिर चैंपियन बना भारत..

ईरान को हराकर एशियन गेम्स में फिर चैंपियन बना भारत..

महिला कबड्डी में जीता गोल्ड..

 

 

 

 

देश-विदेश: भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम किया है। फाइनल मुकाबले में भारत ने ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमों के बीच आखिरी तक कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन निर्णायक पलों में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए बाजी मार ली। भारत की यह एशियन गेम्स में महिला कबड्डी के खिताब की लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले हांग्झू में आयोजित एशियन गेम्स में भी भारतीय टीम ने गोल्ड मेडल जीता था। इस बार खिताब का बचाव करते हुए टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और बिना कोई मुकाबला गंवाए चैंपियन बनी।

फाइनल की शुरुआत में दोनों टीमों के बीच मुकाबला बराबरी का रहा। भारत और ईरान के खिलाड़ी लगातार अंक हासिल करते रहे, जिससे स्कोर में ज्यादा अंतर नहीं बन पाया। हालांकि, धीरे-धीरे भारतीय टीम ने रेड और डिफेंस दोनों में बेहतर तालमेल दिखाते हुए बढ़त बनानी शुरू कर दी। ईरान की रक्षापंक्ति की गलती का फायदा भारत ने उठाया और ऑलआउट करते हुए 13-10 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव बनाए रखा और लगातार अंक बटोरते हुए पहले हाफ के अंत तक स्कोर 22-16 कर दिया। दूसरे हाफ में ईरान ने आक्रामक खेल के साथ वापसी की कोशिश की। ईरानी खिलाड़ियों ने लगातार अंक जुटाए और भारत की बढ़त काफी कम कर दी। मुकाबला इस कदर करीबी हो गया कि ईरान ने भारतीय टीम को ऑलआउट तक कर दिया। इस स्थिति में भारतीय खिलाड़ियों ने धैर्य बनाए रखा। डिफेंस ने अहम मौकों पर अंक हासिल किए और टीम ने धीरे-धीरे अपनी स्थिति फिर मजबूत कर ली। मैच के अंतिम पांच मिनट में भारत ने आक्रामक रणनीति अपनाई और ईरान पर दबाव बनाए रखा। आखिरकार भारतीय टीम ने 37-34 से मुकाबला अपने नाम कर स्वर्ण पदक पर कब्जा कर लिया।

ग्रुप चरण में भी ईरान पर मिली थी जीत..

भारत और ईरान की टीमें फाइनल से पहले ग्रुप चरण में भी आमने-सामने थीं। उस मुकाबले में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ईरान को 37-23 से हराया था। फाइनल में भी जीत दर्ज करने के साथ भारत ने पूरे टूर्नामेंट में अपना अजेय अभियान जारी रखा। एशियन गेम्स के फाइनल में भारत और ईरान की यह तीसरी भिड़ंत थी। भारतीय टीम ने इनमें से दूसरी बार जीत दर्ज की है।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top