सीएए के समर्थन में भाजपा ने अगस्त्यमुनि में निकाली रैली…
रुद्रप्रयाग। नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के समर्थन में भाजपा ने अगस्त्यमुनि नगर क्षेत्र में विशाल जन समर्थन रैली निकाली। नागरिकता संशोधन कानून बनने के बाद देश भर में हो रहे विरोध प्रदर्शन को देखते हुए भाजपा ने विधानसभावार एक्ट के समर्थन में जनता को जागरूक करने के लिए रैली निकालने का निर्णय लिया। इसी कड़ी में केदारनाथ विधानसभा के अन्तर्गत अगस्त्यमुनि में बीकेडीसी के उपाध्यक्ष अशोक खत्री के नेतृत्व में रैली निकाली गई।
विजयनगर के पुराना देवर से खेल मैदान अगस्त्यमुनि तक चली रैली में भारी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता और स्थानीय जनता ने मोदी तुम संघर्ष करो हम तुम्हारे साथ हैं के नारे लगाकर एक्ट का समर्थन कर अपनी ताकत दिखाई। रैली के समापन पर खेल मैदान में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए रैली के संयोजक अशोक खत्री, रुद्रप्रयाग विधायक भरत चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल ने कहा की कांग्रेस द्वारा सीएए के बारे में जनता को गुमराह किया जा रहा है इसलिए पूरे देश में भाजपा द्वारा जन जागरूकता रैली निकाली जा रही है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमें इस कानून के बारे में जनता को समझाना है। भाजपा के नगर अध्यक्ष जगदंबा सकलानी ने कहा के इस रैली का उद्देश्य आम नागरिकों को सीएए के बारे में जागरूक करना है।