Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

उत्तराखंड में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा “स्वास्थ्य पखवाड़ा”, विभाग ने शुरू की तैयारियां..

उत्तराखंड में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा “स्वास्थ्य पखवाड़ा”, विभाग ने शुरू की तैयारियां..

 

 

उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के स्पष्ट निर्देशों के बाद उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में “स्वास्थ्य पखवाड़ा” मनाने की व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।इसको लेकर स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने सोमवार को सचिवालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में पखवाड़े से संबंधित कार्यक्रमों की रूपरेखा और विभिन्न स्तरों पर की जाने वाली तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि इस पखवाड़े के दौरान प्रदेशभर में स्वास्थ्य जांच शिविर, जनजागरूकता अभियान, स्वच्छता गतिविधियां और निःशुल्क परामर्श सेवाएं आयोजित की जाएंगी। लक्ष्य है कि आम जनता को न केवल बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं बल्कि उन्हें स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया जाए। सरकार का कहना है कि इस अभियान से दूरदराज के ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं को पहुँचाया जाएगा। साथ ही चिकित्सा विभाग की टीम लगातार मैदान में रहकर लोगों को सुविधाएं मुहैया कराएगी।

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि इस अवधि में प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों, जिला एवं उप जिला चिकित्सालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप केंद्रों में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में मरीजों को जांच, परामर्श और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में वृहद रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में आम नागरिकों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों और छात्र-छात्राओं को सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। सरकार का कहना है कि इस पखवाड़े का उद्देश्य सिर्फ इलाज उपलब्ध कराना ही नहीं है, बल्कि जनता को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना भी है। इससे राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।

स्वास्थ्य सचिव ने दिए अहम निर्देश..

सचिवालय में हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान को सफल बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए और हर स्तर पर उसकी कड़ी मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व में सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को राज्य के अंतिम छोर तक पहुँचाना है। “स्वास्थ्य पखवाड़ा” इस दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम साबित होगा। डॉ. कुमार ने कहा कि इस अभियान का मकसद केवल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना ही नहीं है, बल्कि जनता को बीमारियों की रोकथाम और स्वास्थ्य जागरूकता के प्रति प्रेरित करना भी है। इसके अलावा, समाज के हर वर्ग को इस पखवाड़े से जोड़ने के लिए विशेष पहल की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि गांव से लेकर शहर तक हर नागरिक इससे लाभान्वित हो सके। साथ ही उन्होंने कहा कि इस मुहिम में सांसदों, विधायकों, महापौरों, पार्षदों और अन्य जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। स्वास्थ्य सचिव ने विश्वास जताया कि अगर सभी विभाग और स्थानीय निकाय मिलकर काम करेंगे तो यह स्वास्थ्य पखवाड़ा जनआंदोलन का रूप ले सकता है।

प्रदेशभर में लगेंगे 4604 शिविर

अल्मोड़ा – 522
बागेश्वर – 109
चमोली – 206
चम्पावत – 120
देहरादून – 425
हरिद्वार – 367
नैनीताल – 367
पिथौरागढ़ – 679
पौड़ी – 573
रुद्रप्रयाग – 239
टिहरी – 533
ऊधमसिंह नगर– 256
उत्तरकाशी – 208

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि इन शिविरों में गर्भवती महिलाओं, टीबी मरीजों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित रोगियों को भी विशेष परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित सभी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी लोगों को दी जाएगी। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी एंव स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत के नेतृत्व में उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाएं दिन-ब-दिन मजबूत हो रही हैं। “स्वास्थ्य पखवाड़ा” प्रदेश की जनता के लिए न केवल स्वास्थ्य सुविधाओं का अवसर है, बल्कि एक जनजागरण अभियान भी साबित होगा, जो समाज को स्वस्थ उत्तराखंड की दिशा में आगे बढ़ाएगा। समीक्षा बैठक में मिशन निदेशक एनएचएम मनुज गोयल, उपसचिव जसबिन्दर कौर, डॉ जेएस चुफाल, डॉ अमित शुक्ला, डॉ कुलदीप मार्तोलिया, डॉ सौरभ सिंह सिंह मौजूद रहे।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top