Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

राष्ट्रीय अध्यक्ष त्रिवेंद्र सरकार से तो खुश लेकिन ‘हवाई’ मंत्रियों से है नाराज..

राष्ट्रीय अध्यक्ष त्रिवेंद्र सरकार से तो खुश लेकिन ‘हवाई’ मंत्रियों से है नाराज..

उत्तराखंड: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से त्रिवेंद्र सरकार और उत्तराखंड भाजपा के कामकाज का फीडबैक भी लिया। इस दौरान संघ नेता सरकार से खुश दिखे और कामकाज पर संतोष भी जताया, लेकिन कुछ ‘हवाई’ मंत्रियों से नाराज नजर आए। नड्डा सुबह 9 बजे ओएनजीसी गेस्ट हाउस से रविवार को तिलक रोड स्थित संघ के मुख्यालय-भाऊराव देवरस कुंज पहुंचे। यहां उन्होंने करीब दो घंटे गुजारे। उन्होंने प्रांत पदाधिकारियों से शिष्टाचार भेंट के साथ 2022 को लेकर भी फीडबैक लिया।

संघ की नजर से त्रिवेंद्र सरकार के कामकाज को परखा। संगठन की जमीनी हकीकत की भी पड़ताल की। 2022 के चुनाव को लेकर राज्य की जनता के मूड को भी संघ की नजर से उन्होंने भांपा। इस मौके पर क्षेत्र कार्यवाह शशिकांत दीक्षित, प्रांत संघ चालक गजेंद्र, सह प्रांत संघचालक राकेश, प्रांत कार्यवाह दिनेश सेमवाल, सह प्रांत प्रचारक देवेंद्र और प्रांत प्रचार प्रमुख संजय भी रहे। नड्डा ने संघ मुख्यालय में नाश्ता भी किया। उनके लिए नाश्ता स्वयंसेवकों के घरों से आया। पोहा-आलू के परांठे नाश्ते में परोसे गए।

 

 

रवैया सुधारें कुछ मंत्री..

चर्चा के दौरान संघ के एक बड़े पदाधिकारी ने कुछ मंत्रियों की भूमिका, उनके रवैये और अपनी विधानसभा तक ही सीमित रहने पर सवाल उठाए। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से कहा कि सिर्फ एक-दो मंत्रियों को छोड़ दिया जाए तो लगता ही नहीं कि राज्य स्तर के मंत्री भी हैं। उन्होंने कहा कि, कुछ मंत्री तो कार्यकर्ताओं को तवज्जो नहीं देते। यह रवैया सुधारना होगा। हालांकि, सरकार के कामकाज पर संघ ने संतोष जताया है।

भाजपा मंडल की टीमें शक्ति केंद्रों में जाएंगी..

विस चुनावों के मद्देनजर हाईकमान ने सीएम से लेकर बूथ टीमों के प्रवास के निर्देश दिए हैं। इसके तहत पार्टी कार्यकर्ता जनता के सुख-दुख में भागीदार बनने के साथ सरकारी योजनाएं भी बताएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 252 मंडलों की टीमों को हर माह शक्ति केंद्र और शक्ति केंद्रों की टीमों को बूथ प्रवास के निर्देश दिए।

 

 

दूसरी ओर, भाजपा उत्तराखंड में विभिन्न निगम-आयोग और परिषदों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के तौर पर नामित किए गए नेता एवं कार्यकर्ताओं की परफॉरमेंस का भी आकलन करेगी। दर्जाधारी विभिन्न जिलों में प्रवास के कार्यक्रमों की सूचना प्रदेश महामंत्री संगठन को देंगे। इसके बाद, यह सूचना हाईकमान को भेजी जाएगी। इतना ही नहीं, दर्जाधारी विभिन्न जिलों में सरकार की योजनाओं की निगरानी सही तरीके से कर भी पा रहे हैं या नहीं, इस पर भी बूथ अध्यक्ष से लेकर प्रदेश नेतृत्व से फीडबैक लिया जाएगा।

नड्डा ने संदेश दिया कि कार्यकर्ताओं को राजनीति मिशन के तौर पर लेनी होगी। देश में परिवर्तन के लिए कार्यकर्ता सिपाही की तरह हैं। जहां देश में भाजपा का परिवार बना, बाकी जगह परिवार ही दल बन गए। उधर, सीएम त्रिवेंद्र रावत इसी माह प्रवास कार्यक्रम शुरू कर सकते हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top