उत्तराखंड क्रांति दल ने कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया..
ग्रेड पे नियमितीकरण और समायोजन की मांग कर रहे हैं कर्मचारी..
रूद्रप्रयाग: उत्तराखंड क्रांति दल ने मनरेगा कर्मियों की नियमितीकरण और समायोजन की मांग का समर्थन किया है। उत्तराखंड क्रांति दल के युवा नेता मोहित डिमरी ने कहा कि मनरेगा कर्मी हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर उन्हें भी ग्रेड पे के साथ ही उनका नियमितीकरण और समायोजन करने की मांग कर रहे हैं। मनरेगा कर्मियों की हड़ताल से कामकाज पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। युवा नेता मोहित डिमरी ने कहा कि प्रदेश में 1294 मनरेगा कर्मी हैं। जो अन्यत्र माध्यमों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। साल 2006 से ये लोग मनरेगा के तहत उप कार्यक्रम अधिकारी, कनिष्ठ अभियंता, कम्प्यूटर ऑपरेटर, ग्राम रोजगार सेवक और जिला कम्प्यूटर प्रोग्रामर के पदों पर कार्य कर रहे हैं। मोहित डिमरी ने कहा कि पहले भी मनरेगा कर्मी अपनी मांगों को लेकर सरकार से कई बार वार्ता कर चुके हैं लेकिन उनकी मांगो पर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
मनरेगा कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से उत्तराखंड के ग्रामीण अंचल में विकास कार्य पूरी तरह से ठप्प पड़े हैं। जिला स्तर से लेकर ग्राम स्तर तक मनरेगा कर्मचारी सरकार की योजना को सफल बनाने का काम करते हैं, लेकिन सरकार कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के बजाय उनका शोषण कर रही है। कर्मियों ने नियमित कर्मचारियों से ज्यादा काम लिया जा रहा है, लेकिन कई सालों से काम करने के बावजूद भी नियमित नहीं किया गया है। यहां तक कि ईपीएफ, स्वास्थ्य और बीमा की सुविधा भी नहीं मिल रही है। उन्होंने सरकार से जल्द मनरेगा कर्मियों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।
