Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

उत्तराखंड में सरकारी नौकरी के अवसर, UKPSC ने घोषित की नई परीक्षा तिथियां..

उत्तराखंड में सरकारी नौकरी के अवसर, UKPSC ने घोषित की नई परीक्षा तिथियां..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने जनवरी 2025 से जून 2025 के मध्य विभिन्न विभागों में कुल 284 अभ्यर्थियों का चयन किया है। यह जानकारी आयोग के सचिव श्री गिरधारी सिंह रावत ने साझा की। उनका कहना हैं कि चयन प्रक्रिया आयोग को प्राप्त विभागीय अधियाचनों के आधार पर समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरी की गई है। इन चयनित पदों में शहरी विकास विभाग के सहायक नियोजन/वास्तुविद के 07 पद, मानचित्रकार के 76 पद, उच्च शिक्षा विभाग में वनस्पति के असिस्टेंट प्रोफेसर के 12 पद, भौतिक शास्त्र के 20 पद और इतिहास विषय के 20 पद शामिल हैं। इसके साथ ही उत्तराखण्ड सचिवालय, लोक सेवा आयोग और राजस्व परिषद में समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी के कुल 136 पदों पर चयन हुआ है। साथ ही डॉ. आर.एस. टोलिया प्रशासनिक अकादमी, राज्य संपत्ति विभाग और गृह विभाग में 13 पदों पर नियुक्ति की गई है। सचिव श्री रावत ने कहा कि आयोग द्वारा चयन प्रक्रियाओं को पारदर्शिता, निष्पक्षता और गुणवत्ता के साथ पूरा किया गया है। विभागों से मिले अधियाचन के आधार पर परीक्षाएं, मूल्यांकन और अंतिम चयन निर्धारित समयसीमा के भीतर किया गया, जिससे विभागों में रिक्तियों को समय पर भरने में सफलता मिली।

उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग ने वर्ष 2025 में आयोजित की जाने वाली विभिन्न विभागीय चयन परीक्षाओं के लिए विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम (Exam Calendar) पहले ही जारी कर दिया है। यह जानकारी आयोग के सचिव श्री गिरधारी सिंह रावत ने दी। उन्होंने बताया कि आयोग ने कैलेंडर के अनुसार सभी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं और परीक्षाएं तय समय पर संपन्न की जा रही हैं। सचिव ने कहा कि उत्तराखण्ड की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य (सिविल) प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2025 (UKPCS) की प्रारंभिक परीक्षा 29 जून 2025 को सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी है। इस परीक्षा में राज्यभर से हजारों अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जो विभिन्न प्रशासनिक सेवाओं में नियुक्ति पाने की आशा रखते हैं। आयोग ने वर्ष 2025 के लिए सभी प्रमुख विभागों की भर्ती परीक्षाओं का कार्यक्रम पहले से घोषित कर दिया था, जिससे अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय और दिशा दोनों मिल सके। सचिव के अनुसार, शेष परीक्षाएं भी तय समयसीमा के भीतर आयोजित की जाएंगी, और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाएगी।

आयोग के अनुसार महाधिवक्ता कार्यालय, नैनीताल में रिक्त पदों पर भर्ती के लिए समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा-2024 की प्रारंभिक परीक्षा आगामी 27 जुलाई 2025 को आयोजित की जाएगी। वहीं न्याय विभाग के अंतर्गत सिविल न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) परीक्षा-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 31 अगस्त 2025 को किया जाएगा। यह परीक्षा न्यायिक क्षेत्र में सेवाएं देने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। इसके अतिरिक्त उत्तराखण्ड सचिवालय और लोक सेवा आयोग के अंतर्गत समीक्षा अधिकारी (लेखा) एवं सहायक समीक्षा अधिकारी (लेखा) की मुख्य परीक्षा की तिथियां भी घोषित कर दी गई हैं। यह परीक्षा 3 और 4 सितंबर 2025 को दो दिन तक आयोजित की जाएगी। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे समय से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर एडमिट कार्ड और दिशा-निर्देश अवश्य देख लें और निर्धारित तिथियों के अनुसार अपनी परीक्षा तैयारी को अंतिम रूप दें।वहीं अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा 13 और 14 सितंबर को आयोजित की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग की समीक्षा अधिकारी परीक्षा 25-26 सितंबर, जिला क्रीड़ा अधिकारी परीक्षा 2 नवम्बर, वन विभाग की सहायक वन संरक्षक परीक्षा 24-28 नवम्बर और उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा की मुख्य परीक्षा 6 से 9 दिसम्बर 2025 को आयोजित होगी।

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top