Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

बद्री-केदार समिति के अधीन सभी मंदिरों में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक..

बद्री-केदार समिति के अधीन सभी मंदिरों में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक..

 

 

उत्तराखंड: चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियों के बीच बद्री-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने कई महत्वपूर्ण फैसलों के संकेत दिए हैं। समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने एक पत्रकार वार्ता में यात्रा व्यवस्थाओं और आगामी नियमों को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि यात्रा को अधिक अनुशासित, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए नई गाइडलाइन तैयार की जा रही है, जिसे जल्द ही एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) के रूप में लागू किया जाएगा।

इस प्रस्तावित व्यवस्था के तहत बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम सहित समिति के अधीन आने वाले सभी मंदिरों में गैर सनातनी व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में हाल ही में आयोजित बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित किया जा चुका है, जिस पर आगे की प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही मंदिर परिसर और विशेष रूप से गर्भगृह में मोबाइल फोन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की तैयारी की जा रही है। समिति का मानना है कि इससे दर्शन व्यवस्था सुचारु होगी और श्रद्धालुओं को बिना किसी बाधा के पूजा-अर्चना का अवसर मिल सकेगा। अक्सर देखा गया है कि मंदिर परिसर में मोबाइल के इस्तेमाल और फोटो-वीडियो बनाने से भीड़ प्रबंधन प्रभावित होता है और अन्य श्रद्धालुओं को असुविधा होती है।

इन प्रस्तावों को लेकर राज्य सरकार का भी रुख सामने आया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस विषय पर कहा है कि मंदिर समिति द्वारा लिए गए निर्णयों का अध्ययन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अंतिम फैसले से पहले संबंधित कानून, अधिनियम और पौराणिक परंपराओं का गहन परीक्षण किया जाएगा, ताकि संतुलित और न्यायसंगत निर्णय लिया जा सके। समिति का कहना है कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करना जरूरी हो गया है। इसी उद्देश्य से नियमों में बदलाव और नई व्यवस्थाओं को लागू करने की दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन की सुविधा मिल सके।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top