Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

एम्स ऋषिकेश में मल्टी-ऑर्गन ट्रांसप्लांट विभाग की मांग तेज..

एम्स ऋषिकेश में मल्टी-ऑर्गन ट्रांसप्लांट विभाग की मांग तेज..

 

सीएम धामी ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखा..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में उन्नत चिकित्सा सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखकर एम्स ऋषिकेश में मल्टी-ऑर्गन ट्रांसप्लांटेशन सर्जरी विभाग की स्थापना का अनुरोध किया है। सीएम धामी ने पत्र में कहा कि हाल के वर्षों में एम्स ऋषिकेश में एडवांस्ड मेडिकल सर्विसेज़ की मांग लगातार बढ़ रही है, विशेषकर अंगदान और मल्टी-ऑर्गन ट्रांसप्लांट सर्जरी के क्षेत्र में। इसका असर केवल राज्य ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्यों से आने वाले मरीजों की संख्या में भी देखा जा रहा है। उन्होंने पत्र में आगे लिखा कि अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ने से संभावित डोनर की संख्या में वृद्धि हुई है, जबकि किडनी, लिवर, पैंक्रियास और हृदय प्रत्यारोपण की आवश्यकता वाले मरीज अक्सर बाहर के राज्यों में जाकर इलाज कराते हैं। इससे न केवल उपचार में देरी होती है, बल्कि मरीजों और उनके परिवारों को आर्थिक कठिनाइयों का भी सामना करना पड़ता है। सीएम ने केंद्रीय मंत्री से अपील की है कि एम्स ऋषिकेश में मल्टी-ऑर्गन ट्रांसप्लांटेशन विभाग की स्थापना से मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो सके, और प्रदेश व आसपास के क्षेत्रों में उन्नत चिकित्सा सेवाओं का विस्तार सुनिश्चित हो।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि एम्स ऋषिकेश में स्पेशलिस्ट डॉक्टर, आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी क्षमताएं मौजूद हैं, इसलिए यहां ‘मल्टी-ऑर्गन ट्रांसप्लांटेशन सर्जरी डिपार्टमेंट’ की स्थापना से संस्थान की प्रभावशीलता और बढ़ेगी। सीएम ने पत्र में कहा कि यह डिपार्टमेंट न केवल उत्तराखंड के मरीजों के लिए, बल्कि पूरे उत्तर भारत और हिमालयी क्षेत्र के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा। इससे मरीजों को समय पर उन्नत उपचार उपलब्ध होगा और आर्थिक व भौगोलिक कारणों से उत्पन्न परेशानियों में कमी आएगी। सीएम धामी ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से अनुरोध किया है कि वे जनहित में एम्स ऋषिकेश में इस डिपार्टमेंट की स्थापना के लिए आवश्यक मंजूरी प्रदान करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दें। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि मल्टी-ऑर्गन ट्रांसप्लांटेशन डिपार्टमेंट की स्थापना से अंगदान के महत्व को बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश व आसपास के क्षेत्रों में उन्नत चिकित्सा सेवाओं का स्तर सुधरेगा।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top