Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

उत्‍तराखंड में तीन और कोरोना संक्रमितों की मौत….

एम्स ऋषिकेश व दून अस्पताल में भर्ती तीन कोरोना संक्रमित की मौत….

उत्तराखंड : उत्तराखंड में कोरोना संक्रमितों की मौत का आंकड़ा लगातार उछाल मार रहा है। शुक्रवार को भी एम्स ऋषिकेश व दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती तीन कोरोना संक्रमित लोगों की मौत हो गई। वहीं, ऊधमसिंहनगर में कुछ दिन पहले होम क्वारंटाइन में मृत एक पुरुष व एक महिला की कोरोना जांच पॉजिटिव आई है। इस तरह प्रदेश में अभी तक कोरोना संक्रमित लोगों की मौत का आंकड़ा 23 पहुंच गया है। बहरहाल देश की तुलना में उत्तराखंड फिर भी कुछ हद तक सुकून में है। यहां कोरोना मृत्यु दर फिलवक्त 1.33 फीसदी है। जबकि देश में यह 2.82 फीसदी है।

शुक्रवार को जिन तीन लोगों की मौत हुई है उनमें जीएमएस रोड निवासी 76 वर्षीय बुजुर्ग को गुरुवार रात दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया था। अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ. एनएस खत्री ने बताया कि आइसीयू में उपचार के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई। उनके अनुसार मौत कार्डियक अरेस्ट से हुई है।

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में भी कोरोना संक्रमित दो मरीजों की मौत हुई है। नोडल अधिकारी कोविड डॉ. मधुर उनियाल ने बताया कि गुरुवार रात तपोवन, ऋषिकेश निवासी कोरोना संक्रमित 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। वह एक जून से अस्पताल में भर्ती था। यह व्यक्ति 25 मई को मुंबई से लौटा था। 28 मई को सांस लेने में दिक्कत होने पर वह ओपीडी में आया।

एक जून को एक्यूट रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस सिंड्रोम के चलते उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे कोविड आइसीयू में शिफ्ट किया गया था। दूसरे मामले में नौ जून को एक 25 वर्षीया महिला गाजियाबाद से पेट दर्द व सांस लेने में तकलीफ की शिकायत लेकर ओपीडी में आई थी। जहां कोरोना जांच को उसका सैंपल लिया गया। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर इन्हें कोविड-आइसीयू में शिफ्ट कर दिया गया था।

ऊधमसिंहनगर में आठ जून को रुद्रपुर के आवास-विकास क्षेत्र में होम क्वारंटाइन 85 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौत हुई थी। वह दिल्ली से लौटे थे। मृतक की रिपोर्ट अब पॉजिटिव आई है। इसके अलावा काशीपुर की गढ़वाल सभा कॉलोनी की 76 वर्षीय एक महिला की भी कुछ दिन पहले मौत हो गई थी। उनमें भी कोरोना की पुष्टि हुई है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top