Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

ठेकेदार संघ ने किया निविदाओं का बहिष्कार

रोहित डिमरी

सरकार ने ठेकेदारों की मांग न मानी तो होगा उग्र आंदोलन

रुद्रप्रयाग:  लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ में निकाली गई विभिन्न निविदाओं का ठेकेदार संघ ने बहिष्कार किया है। ठेकेदार संघ ने कहा कि जब तक संघ की मांगों पर अमल नहीं किया जाता है, तब तक निविदाओं का बहिष्कार करने के साथ ही सरकार के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा। दरअसल, उत्तराखण्ड राजकीय ठेकेदार महासंघ के आहवान पर प्रदेश के ठेकेदार इन दिनों विभिन्न मदों में निकाली जा रही निविदाओं का बहिष्कार कर रहे हैं। मंगलवार को लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ में जिला योजना के साथ ही अन्य मदों में निविदाएं आमंत्रित की गई थी, लेकिन प्रांतीय नेतृत्व के आहवान पर ठेकेदार महासंघ ने निविदाओं का बहिष्कार कर दिया। ठेकेदार संघ ने कहा कि जब तक ठेकेदार महासंघ की मांगों पर अमल नहीं होता है, तब तक बहिष्कार जारी रहेगा। यदि इसके बाद भी मांगे न मानी गई तो आंदोलन को तेज रूप दिया जायेगा। उत्तराखण्ड राजकीय ठेकेदार महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ठेकेदारों के साथ तानाशाह रवैया अपना रही है। ठेकेदारों की विभिन्न मांगे लंबित पड़ी हैं, लेकिन उनका निराकरण नहीं किया जा रहा है। आनंद सिंह नेगी, नरेन्द्र सिंह पंवार, कुलदीप कंडारी, जय सिंह चैहान, कुंवर सिंह नेगी, शत्रुघ्न सिंह नेगी, हरेन्द्र राणा, सूर्यवीर भंडारी आदि ठेकेदारों ने कहा कि प्रदेश के ठेकेदार ई-टेंडरिंग का विरोध करने के साथ ही दो साल से लंबित भुगतान देने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस दिशा में कोई ध्यान नहीं दे रही है। बाहरी प्रदेश के ठेकेदारों और कपंनियों को यहां बुलाकर उन्हें कार्य दिया जा रहा है, जिसका नुकसान जिले के ठेकेदारों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को बड़े-बड़े कार्यों को छोटे-छोटे भागों में विभाजित करना चाहिये, जिससे छोटे-छोटे स्थानीय ठेकेदारों को भी रोजगार मिल सके। ठेकेदार संघ ने कहा कि यदि शीघ्र ही मांगों पर अमल न किया गया तो समस्त प्रदेश के ठेकेदार सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन करेंगे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top