सशक्त बहना उत्सव में CM धामी ने खरीदे स्थानीय उत्पाद..
उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित ‘सशक्त बहना उत्सव’ के तहत स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानीय उत्पादों की खरीदारी भी की और प्रदेशवासियों से आगामी त्योहारों में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड की महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पाद प्रदेश की संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय हुनर को दर्शाते हैं। इन उत्पादों की खरीदारी से स्थानीय कारीगरों और महिलाओं को बाजार मिलता है, जिससे उनकी आय बढ़ाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि त्योहारों का सीजन स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने का बेहतर अवसर है। लोगों को उपहारों और रोजमर्रा की जरूरतों का सामान खरीदते समय स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही महिला उद्यमिता और स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान से देशभर में स्थानीय उत्पादों को लेकर लोगों का भरोसा बढ़ा है। उत्तराखंड सरकार भी स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सीएम ने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस त्योहारी सीजन में अधिक से अधिक स्थानीय उत्पाद खरीदें और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर उत्तराखंड और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत किया जा सकता है।