तंबाकू निषेध दिवस पर नगर मुख्यालय में निकाली जागरूकता रैली..
राइंका रुद्रप्रयाग और जिला चिकित्सालय में भी हुआ कार्यक्रम..
विभिन्न स्थानों पर किये गये कार्यक्रम आयोजित..
रुद्रप्रयाग: विश्व तंबाकू निषेध दिवस के मौके पर ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र द्वारा नगर मुख्यालय में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग कर तम्बाकू के दुष्परिणामों को लेकर लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर नशा छोड़ने के लिए शपथ दिलाई गई।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के स्थानीय सेवा केंद्र रुद्रप्रयाग एवं नेहरू युवा केंद्र की ओर से आयोजित कार्यकम का शुभारंभ पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध घिल्डियाल ने किया। रैली ब्रह्मकुमारी सेवा केंद्र से भाणाधार से न्यू मार्केट तक निकाली गई। पुलिस उपाधीक्षक ने तम्बाकू के नुकसान और इससे आने वाले परिणाम के बारे में बताया।
करीब 80 नगर वासियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। इधर, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र की बीके ज्योति बहन ने सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर बीके लक्ष्मी बहन, सदस्य सभासद उमा देवी, माया रावत, महेश्वरी, उर्मिला, विजया शर्मा, संगीता कप्रवान, दयाल सिंह, शिवप्रसाद सिलोड़ी, राजेश्वरी देवी, सरोज सहित अन्य सदस्यों ने उत्साह के साथ रैली में प्रतिभाग किया।
वहीं विश्व तम्बाकू दिवस को लेकर राइंका रुद्रप्रयाग में पेंटिग प्रतियोगिता आयोजित की गई। जबकि जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य कर्मियों ने नशे से दूर रहने की शपथ ली। एनएचएम द्वारा भी तम्बाकू दिवस के मौके पर जागरूकता कार्यक्रम अयोजित किए गए। इसके साथ ही अनेक विद्यालयों में नशे के प्रति जागरूक रहने को लेकर कार्यक्रम हुए।
