उत्तराखंड

चारधाम यात्रा में टूटा पिछले साल का रिकॉर्ड, 94 दिन में पहुंचे 45 लाख से ज्यादा श्रद्धालु..

चारधाम यात्रा में टूटा पिछले साल का रिकॉर्ड, 94 दिन में पहुंचे 45 लाख से ज्यादा श्रद्धालु..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में संचालित चारधाम यात्रा इस बार भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह के चलते नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। यात्रा के 94 दिन पूरे होने के साथ ही चारधाम और हेमकुंड साहिब में दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या 45 लाख के आंकड़े को पार कर गई है। पिछले वर्ष इसी अवधि में जहां करीब 41.47 लाख श्रद्धालुओं ने धामों के दर्शन किए थे, वहीं इस वर्ष अब तक 45 लाख से अधिक तीर्थयात्री पहुंच चुके हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार करीब 3.52 लाख अधिक श्रद्धालुओं ने यात्रा की है। चारधाम यात्रा में सबसे अधिक श्रद्धालु भगवान बदरीनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे हैं। बद्रीनाथ धाम में अब तक 15 लाख 27 हजार 936 तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 12 लाख 19 हजार 744 थी। इस तरह बदरीनाथ धाम में ही इस वर्ष करीब 3 लाख 8 हजार 192 अधिक श्रद्धालुओं की वृद्धि दर्ज की गई है।

19 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ धाम में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। अब तक 14 लाख 11 हजार 861 यात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए हैं। वहीं गंगोत्री धाम में 7 लाख 3 हजार 64, यमुनोत्री धाम में 6 लाख 47 हजार 447 और सिखों के पवित्र तीर्थ हेमकुंड साहिब में 2 लाख 10 हजार 896 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। सरकार के अनुसार मानसून सीजन को देखते हुए चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है और आपदा प्रबंधन तंत्र को पूरी तरह सक्रिय रखा गया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी स्वयं यात्रा व्यवस्थाओं और आपदा प्रबंधन की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मौसम की चुनौतियों के बावजूद चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह कम नहीं हुआ है। लगातार बड़ी संख्या में तीर्थयात्री उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और संबंधित विभागों के कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सरकार का कहना है कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। आने वाले दिनों में भी यात्रा मार्गों पर निगरानी और व्यवस्थाओं को मजबूत बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top