Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

उत्तरकाशी में आग का तांडव, पवाणी गांव के 33 मकान राख, 58 परिवार बेघर..

उत्तरकाशी में आग का तांडव, पवाणी गांव के 33 मकान राख, 58 परिवार बेघर..

 

उत्तराखंड: उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के पवाणी गांव में मंगलवार शाम आग ने भारी तबाही मचा दी। अचानक एक मकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और करीब 33 लकड़ी से बने भवन इसकी चपेट में आकर जलकर राख हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों को अपने घरों से सामान तक निकालने का मौका नहीं मिला। इस घटना में 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 4:49 बजे गांव के एक भवन में आग लग गई। लकड़ी के मकान होने के कारण लपटों ने कुछ ही देर में आसपास के भवनों को भी घेर लिया। इसी बीच रसोई गैस सिलिंडर फटने से आग और भड़क गई। इसके बाद आग ने तेजी से पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। अग्निकांड में एक प्राथमिक विद्यालय और पंचायत भवन भी नष्ट हो गए।

ग्रामीणों ने पांच घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

आग लगने के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। लपटें उठती देख बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से आग बुझाने में जुट गए। लोगों ने बाल्टियों और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। साथ ही आसपास के अन्य भवनों को बचाने की भी कोशिश की गई। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों, पुलिस और एसडीआरएफ के संयुक्त प्रयासों से रात करीब 9:15 बजे आग पर नियंत्रण पाया जा सका। इस दौरान आग बुझाने के प्रयास में ओसला गांव निवासी गंगा सिंह घायल हो गए।

58 परिवारों के सामने रहने और जरूरी सामान का संकट

अग्निकांड में मकानों के साथ उनमें रखा घरेलू सामान भी नष्ट हो गया। इससे प्रभावित परिवारों के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। प्रशासन की ओर से नुकसान का विस्तृत आकलन कराया जा रहा है। तहसीलदार सरदार सिंह चौहान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही संबंधित टीमों को मौके के लिए रवाना कर दिया गया था। राजस्व विभाग की टीम भी नुकसान का जायजा ले रही है। प्रभावित परिवारों के लिए खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही उनके रहने के लिए राहत शिविर तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों के लिए अस्थायी शेल्टर बनाने के संबंध में एसजेवीएनएल नैटवाड़ से सीएसआर मद के तहत सहयोग उपलब्ध कराने को कहा गया है।

सीएम धामी ने जताया दुख, राहत कार्य तेज करने के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पवाणी गांव में हुए अग्निकांड पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन से राहत और बचाव कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उन्हें जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग की टीमों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा राहत कार्यों में तेजी लाने को कहा है। प्रशासन की ओर से फिलहाल प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने और उनके पुनर्वास की व्यवस्था पर ध्यान दिया जा रहा है।

 

 

 

To Top