मसूरी घुमने आए पर्यटको की कार खाई में गिरी दो की मौत..
उत्तराखंड : मसूरी घूमने आए पाँच दोस्तों की कार वापसी में मसूरी-किमाड़ी मार्ग पर हादसा ग्रस्त हो गयी। इस घटना में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा शाम करीब 4:30 बजे के आसपास हुआ। बताया जा रहा है कि पांच दोस्त मसूरी आए थे। इसमें चार रुड़की और एक देहरादून से था। वे सुबह चंद्रमणी से जॉर्ज एवरेस्ट की तरफ घूमने निकले थे। इसके बाद वे शाम को मसूरी से वापस देहरादून की तरफ लौट रहे थे।
कुछ दूर चलने के बाद कार अनियंत्रित होकर सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। कार के परखच्चे उड़ गए। वहां से गुजर रहे लोगों ने अपराह्न साढ़े चार बजे इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने रेसक्यू अभियान चलाया। इस हादसे में कार सवार सागर धीमान और यश की मौके पर मौत हो गई, जबकि अभिषेक, विकास और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया जबकि शवों को मोर्चरी भिजवाया है।सीओ नरेंद्र पंत ने बताया कि मृतक और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है। घायलों को उपचार दिया जा रहा है।
बुधवार को घर से मसूरी घूमने के लिए निकले सभी दोस्त बेहद खुश थे, लेकिन चंद घंटों में ही हादसे में दो की मौत से उनके घरों में कोहराम मच गया। पुलिस के फोन परिजनों को पहुंचने के बाद उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।