उत्तराखंड

रुद्रप्रयाग में भालू ने दो महिलाओं पर किया हमला, हेली सेवा से पहुंचाया गया अस्पताल..

रुद्रप्रयाग में भालू ने दो महिलाओं पर किया हमला, हेली सेवा से पहुंचाया गया अस्पताल..

 

 

 

 

उत्तराखंड: रुद्रप्रयाग जिले के भुनालगांव क्षेत्र में भालू का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार सुबह हुई एक बड़ी घटना में एक जंगली भालू ने अचानक गांव की दो महिलाओं पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह खेतों की ओर गईं बुरांसी देवी (पत्नी स्व. मदन सिंह) और शशि देवी (पत्नी कुंवर सिंह), निवासी भुनालगांव, पर अचानक भालू ने हमला बोल दिया। हमले में दोनों महिलाओं के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर गहरे जख्म आए और भारी मात्रा में रक्तस्राव होने लगा। महिलाओं की हालत गंभीर होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत प्रशासन और वन विभाग को सूचना दी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घायलों को तुरंत हेली सेवा के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों ने दोनों की हालत नाजुक बताई है और उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है। भालू हमले की इस घटना के बाद पूरे भुनालगांव क्षेत्र में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से भालू का आतंक बढ़ता जा रहा है और लोग खेतों तथा जंगलों की ओर जाने से डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई करने और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में भालू की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।

स्थानीय लोगों की तत्परता और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से दोनों महिलाओं को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकी। हमले की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना PHC बक्सीर को दी। सूचना पाते ही मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार दिया।प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हेली सेवा के माध्यम से अगस्तमुनि लाया गया। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग रेफर किया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने कहा कि दोनों महिलाओं को पहले PHC बक्सीर में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद हेलीकॉप्टर के माध्यम से उन्हें अगस्तमुनि लाया गया और फिर जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग भेजा गया है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की विशेष टीम घायलों का इलाज कर रही है और लगातार उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वन विभाग ने भालू की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है।

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top