Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

बद्रीनाथ यात्रा ने बनाया नया रिकॉर्ड, श्राद्ध पक्ष में भी धाम पहुंचे लाखों श्रद्धालु..

बद्रीनाथ यात्रा ने बनाया नया रिकॉर्ड, श्राद्ध पक्ष में भी धाम पहुंचे लाखों श्रद्धालु

 

उत्तराखंड: बद्रीनाथ धाम की यात्रा इस वर्ष नए कीर्तिमान की ओर बढ़ रही है। अब तक 20 लाख से अधिक श्रद्धालु भगवान बद्री विशाल के दर्शन कर चुके हैं। खास बात यह है कि यात्रा सीजन का करीब एक माह अभी शेष है। ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। धाम में श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही बनी हुई है। सोमवार को 10,436 तीर्थयात्रियों ने भगवान बद्री विशाल के दर्शन किए। इसके साथ ही इस यात्रा सीजन में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या बढ़कर 20 लाख 13 हजार 491 हो गई है। इस बार बद्रीनाथ धाम में श्राद्ध पक्ष के दौरान भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पिंडदान, तर्पण और भगवान के दर्शन के लिए दो लाख से अधिक लोगों के धाम पहुंचने का अनुमान है। श्राद्ध पक्ष के अंतिम दिन 10 अक्टूबर को करीब 28 हजार तीर्थयात्रियों ने बदरीनाथ में दर्शन किए। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठान कराने वालों की भी अच्छी खासी संख्या रही।

उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित बद्रीनाथ धाम में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ने से तीर्थयात्रियों को सर्द परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। यात्रा के अंतिम चरण में भी धाम में अच्छी संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में चहल-पहल बनी हुई है। अब यात्रा के शेष दिनों में श्रद्धालुओं की आवाजाही और मौसम की स्थिति पर नजर रहेगी।

 

 

 

To Top