एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी का आगाज..
14 एशियाई देशों के स्केटर पहुंचे दून..
उत्तराखंड: राजधानी देहरादून में सोमवार को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन की शुरुआत हुई। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 का शुभारंभ सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किया। प्रतियोगिता में देश-विदेश के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उद्घाटन अवसर पर इन सीएम ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और प्रतियोगिता से जुड़े अधिकारियों का देवभूमि में स्वागत करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गौरव की बात है कि राज्य को एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन उत्तराखंड की खेल क्षमता को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने के साथ राज्य को शीतकालीन खेलों और आइस स्पोर्ट्स के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने में मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अलग-अलग देशों और संस्कृतियों को जोड़ने का भी काम करते हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन से खिलाड़ियों के बीच आपसी संवाद, मित्रता, सद्भाव और खेल भावना को बढ़ावा मिलता है।
सीएम ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में जीत और हार दोनों स्वाभाविक हैं। किसी खिलाड़ी की वास्तविक सफलता केवल पदक हासिल करने तक सीमित नहीं होती, बल्कि अनुशासन, मेहनत, समर्पण और विपरीत परिस्थितियों में भी हार न मानने के जज्बे से तय होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और क्षमता का शानदार प्रदर्शन करेंगे। साथ ही खेल भावना की मिसाल कायम करते हुए उत्तराखंड से बेहतर अनुभव और यादें लेकर अपने देश लौटेंगे। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को लेकर सोच और माहौल में बड़ा बदलाव आया है। खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट जैसी पहलों ने युवाओं और बच्चों को खेलों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ी अब ओलंपिक, एशियन गेम्स और विश्व स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियां देश के लिए गौरव का विषय हैं।
38वें राष्ट्रीय खेलों से मजबूत हुई खेल सुविधाएं
सीएम ने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश में पिछले वर्ष 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से राज्य में आधुनिक और उच्चस्तरीय खेल अवस्थापना को मजबूत आधार मिला। राष्ट्रीय खेलों के लिए विकसित की गई खेल सुविधाओं का लाभ अब प्रदेश के खिलाड़ियों के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन में भी मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी आधार पर उत्तराखंड अब बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।राज्य में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं देने के लिए स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान पर भी काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार योजना के तहत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। इन अकादमियों में खिलाड़ियों को उनकी खेल प्रतिभा के अनुरूप उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की दिशा में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहीं, लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की शुरुआत हो चुकी है। इन संस्थानों को प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी का अवसर
सीएम ने कहा कि राज्य की नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए खेल छात्रवृत्ति की व्यवस्था की गई है। आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेजों में खिलाड़ियों को निःशुल्क शिक्षा और प्रशिक्षण देने के साथ कई योजनाओं के माध्यम से आर्थिक एवं संसाधन संबंधी सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना जैसी पहलें इसी उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं।धामी ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां उसे विभिन्न प्रकार के खेलों के लिए विशेष अवसर प्रदान करती हैं। सरकार पारंपरिक खेलों के साथ वॉटर स्पोर्ट्स, एडवेंचर स्पोर्ट्स, विंटर स्पोर्ट्स और आइस स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को केवल देश के खिलाड़ियों के लिए ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के खिलाड़ियों के लिए भी एक पसंदीदा प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करना है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी की मेजबानी से उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर अपनी मौजूदगी मजबूत करने का अवसर मिला है। प्रतियोगिता में अलग-अलग देशों से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच होने वाली प्रतिस्पर्धा से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल वातावरण को करीब से समझने और सीखने का अवसर मिलेगा। सीएम ने विश्वास जताया कि इस आयोजन के बाद उत्तराखंड की पहचान साहसिक और पारंपरिक पर्यटन के साथ-साथ विंटर एवं आइस स्पोर्ट्स के लिए भी एक उभरते हुए केंद्र के रूप में और मजबूत होगी। देहरादून में शुरू हुई प्रतियोगिता को प्रदेश की खेल यात्रा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।