Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

अमेरिकी नागरिक का हिंदू रीति से किया गया अंतिम संस्कार

बेटी के पत्र के बाद अमेरिकी नागरिक का हिंदू रीति से किया गया अंतिम संस्कार , भीमताल में मृत मिले अमेरिकी नागरिक डोनी स्टीफन डेनियल का अंतिम संस्कार हिंदू रीति रिवाज से रानीबाग के चित्रशिला घाट पर किया गया।

नैनीताल : ग्रीनवुड होटल में मृत मिले अमेरिकी नागरिक डोनी स्टीफन डेनियल (66 वर्ष) का अंतिम संस्कार शनिवार को रानीबाग के चित्रशिला घाट पर कर दिया गया। अंतिम संस्कार उनके पारिवारिक मित्र नेपाल निवासी टोप बहादुर ने हिंदू रीति रिवाज से पूरा किया। इससे पूर्व डोनी की बेटी मैगी डेनियल ने अमेरिकी दूतावास को पत्र लिखकर कहा था कि उनके पिता का शव और सामान उनके दोस्त नेपाल निवासी टोप बहादुर मल्ल निवासी सुरखेत वीरेंद्रनगर बेरी अंचल नेपाल के सुपुर्द कर दिया जाए।

मैगी ने पत्र में यह भी कहा था कि टोप बहादुर अपने विवेक से अंतिम संस्कार कर सकते हैं। दूतावास से यह पत्र प्राप्त होने के बाद पुलिस ने टोप बहादुर के सामने शव का पोस्टमार्टम कराया। फिर शव और डोनी का सामान टोप बहादुर के सुपुर्द कर दिया। शनिवार दोपहर टोप बहादुर और उसके बेटे नवीन बहादुर ने हिंदू रीति-रिवाज से डोनी स्टीफन का अंतिम संस्कार किया। टोप बहादुर ने पुलिस को बताया कि वह मैगी डेनियल के साथ हिंदुस्तान और नेपाल में बेसहारा बच्चों के लिए संस्था कोप विला के साथ कार्य करते हैं। उनका कार्य ऋषिकेश और नेपाल में है। बताया कि डोनी की तबीयत खराब नहीं थी, पर उसे चर्म रोग था।

मालूम हो कि दो दिन पूर्व नौ अगस्त की सुबह डोनी स्टीफन का शव भीमताल के ग्रीन वुड होटल के कमरा नं. 205 में सड़ी गली हालत में मिला था। शव मिलने के बाद संयुक्त मजिस्ट्रेट अभिषेक रुहेला के सामने शव का पंचनामा भरा गया था और अमेरिकन होने के कारण डोनी की मौत की खबर अमेरिकन दूतावास को दी गई थी। वहीं होटल के कर्मचारियों द्वारा रेगुलर अपने पर्यटकों की देखभाल नहीं करने की लापरवाही पर अपर पुलिस अधीक्षक हरीश चंद्र सती ने होटल ग्रीनवुड को सीज करने के आदेश दिए थे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top