Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

तीर्थ पुरोहितों केदारपुरी में 25 को प्रदर्शन

तीर्थ पुरोहितों केदारपुरी में 25 को प्रदर्शन , चार धामों के तीर्थ पुरोहित लेंगे बैठक में भाग

रुद्रप्रयाग। तीर्थ पुरोहितों को विश्वास में लिये बगैर केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्य किये जाने सहित अन्य मांगों को लेकर 25 सितम्बर को अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित समाज की केदारपुरी में बैठक आहूत की गयी है। बैठक को लेकर तीर्थ पुरोहितों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
यहां जारी विज्ञप्ति में तीर्थ पुरोहित समाज के अध्यक्ष विनोद शुक्ला एवं महामंत्री कुबेरनाथ पोस्ती ने कहा कि शासन-प्रशासन की हठधर्मिता से तीर्थ पुरोहित समाज आहत है। केदारपुरी में मनमर्जी से कार्य किये जा रहे हैं। आपदा के बाद से तीर्थ पुरोहित समाज केदारनाथ विकास प्राधिकरण का विरोध कर रहे हैं, लेकिन तीर्थ पुरोहितों की एक नहीं सुनी जा रही है। राज्य और केन्द्र सरकार ने केदारनाथ के लिए मास्टर प्लान तैयार किया है। मास्टर प्लान को लेकर तीर्थ पुरोहितों से कोई राय-मश्वरा नहीं किया है।

उन्होंने कहा कि वर्षों से तीर्थ पुरोहित भगवान शंकर की पूर्जा-अर्चना करने के साथ ही देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों की सेवा में जुटे हैं। आपदा के दौरान भी तीर्थ पुरोहितों ने अपने लाॅज-होटलों में यात्रियों को सुविधाएं प्रदान की, बावजूद इसके आज केदारपुरी में तीर्थ पुरोहितों को अलग कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पौराणिक परम्पराओं के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। केदारपुरी में विकास नहीं, बल्कि स्थानीय हकों को छीना जा रहा है। पांच साल में एक भी तीर्थ पुरोहित का भवन बनकर तैयार नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों ने किसी तरीके से केदारनाथ मंदिर मार्ग में दुकाने खोली, उन्हें भी बेरोजगार कर दिया है। शीतकाल के समय भगवान शंकर ध्यान में रहते हैं और ग्रीष्मकाल में भक्तों को दर्शन देते हैं, लेकिन शीतकाल में भी केदारनाथ में कार्य किये जा रहे हैं। ऐसे में वर्षों से चली आ रही परम्परा समाप्त होती जा रही है, जो आने समय के लिए शुभ संकते नहीं है।

उन्होंने कहा कि 25 सितम्बर को आहूत बैठक में सैकड़ों तीर्थ पुरोहित समाज भाग लेंगे और केन्द्र व राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि चार धामों के तीर्थ पुरोहित 24 सितम्बर को ही केदारनाथ पहुंच जायेंगे। उन्होंने केदारघाटी के सभी तीर्थ पुरोहितों से बैठक में भाग लेने का आह्वान किया है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top