केदारनाथ यात्रा मार्ग पर हादसा, गहरी खाई में गिरा श्रद्धालु..
उत्तराखंड: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर मनकुटिया क्षेत्र के पास एक श्रद्धालु अचानक अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्गम पहाड़ी इलाके में घायल अवस्था में पड़े यात्री को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम तुरंत सक्रिय हुई और जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू अभियान चलाया। जवानों की तत्परता और साहस के चलते श्रद्धालु की जान बचाई जा सकी। जानकारी के अनुसार जिला नियंत्रण कक्ष रुद्रप्रयाग से एसडीआरएफ पोस्ट सोनप्रयाग को सूचना मिली कि केदारनाथ पैदल मार्ग पर मनकुटिया के पास एक यात्री गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टीम ने देखा कि घायल यात्री बेहद खतरनाक स्थिति में खाई के भीतर पड़ा हुआ था। क्षेत्र में लगातार फिसलन और ऊबड़-खाबड़ रास्ता होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण बन गया था। इसके बावजूद एसडीआरएफ के जवानों ने बिना समय गंवाए रोप रेस्क्यू तकनीक का इस्तेमाल करते हुए खाई में उतरना शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद जवान घायल श्रद्धालु तक पहुंचे और प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे सुरक्षित स्टेचर में बांधा गया। रस्सियों की मदद से बेहद सावधानी के साथ घायल यात्री को खाई से बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के दौरान जवानों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया। बाहर निकालने के बाद घायल यात्री को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। घायल यात्री की पहचान प्रकाश सुमन (58 वर्ष) पुत्र मुन्नी लाल निवासी ग्राम चिरोंज, जिला विदिशा, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई एक बार फिर जीवनरक्षक साबित हुई। पहाड़ी और संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात रेस्क्यू टीमों की सतर्कता के चलते कई बड़े हादसों को समय रहते टाला जा रहा है।