Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

उत्तराखंड के उत्पादों को मिलेगा ग्लोबल बाजार, FTA से बढ़ेगा निर्यात और कारोबार..

उत्तराखंड के उत्पादों को मिलेगा ग्लोबल बाजार, FTA से बढ़ेगा निर्यात और कारोबार..

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों और छोटे-बड़े उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को वैश्विक व्यापार से जोड़ने के लिए शुक्रवार को देहरादून में मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) को लेकर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में एमएसएमई मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में छोटे और मध्यम उद्योगों के साथ निर्यात क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के निर्यात में पिछले कुछ वर्षों के दौरान उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

आठ साल में 2,966 करोड़ रुपये बढ़ा निर्यात
मंत्री के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2017-18 में उत्तराखंड से कुल 10,836 करोड़ रुपये के उत्पादों का निर्यात हुआ था। वहीं, वर्ष 2025-26 में यह आंकड़ा बढ़कर 13,802 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इस तरह राज्य के निर्यात में 27 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि भारत के ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और न्यूजीलैंड जैसे देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों से भारतीय उत्पादों को विदेशी बाजारों में कम या शून्य सीमा शुल्क पर प्रवेश का अवसर मिल रहा है। प्रदेश के उद्यमियों को इन समझौतों का फायदा उठाकर अपने उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंच बढ़ानी चाहिए।

70 हजार करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी
प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निवेश और बुनियादी ढांचे पर भी काम किया जा रहा है। मंत्री ने बताया कि ‘इन्वेस्ट उत्तराखंड’ सिंगल विंडो पोर्टल के माध्यम से पिछले तीन वर्षों में 6,932 परियोजनाओं के लिए 70,397 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि नीति आयोग के एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स-2024 और इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स-2026 में उत्तराखंड ने अपनी श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है।

कई जिलों में विकसित होंगे औद्योगिक पार्क
राज्य में उद्योगों के विस्तार के लिए विभिन्न क्षेत्रों में नई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। पौड़ी, चमोली और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। वहीं, हरिद्वार में 194 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला औद्योगिक परिसर का निर्माण किया जा रहा है। सेलाकुई और पंतनगर में भी इसी तरह के परिसर विकसित करने की योजना है। इसके अलावा ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा स्थित खुरपिया में करीब 1,100 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर तैयार करने की योजना है। हरिद्वार में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क और बनबसा में लैंड कस्टम स्टेशन विकसित करने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं।

हाउस ऑफ हिमालयाज और हिमाद्री ब्रांड को मिलेगा बढ़ावा
कार्यशाला में उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ और ‘हिमाद्री’ जैसे ब्रांडों के माध्यम से स्थानीय हस्तशिल्प, ऐपण कला, मोटे अनाज और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल प्रदेश से दवाइयों, इंजीनियरिंग उत्पादों, खाद्य प्रसंस्करण सामग्री, जैविक एवं हर्बल उत्पादों और हस्तशिल्प का निर्यात किया जा रहा है। सरकार का जोर इन उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और ब्रांडिंग को बेहतर बनाकर अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों तक पहुंच बनाने पर है।

उद्यमियों को बताए गए अंतरराष्ट्रीय व्यापार के नियम
कार्यशाला में भारत सरकार के वाणिज्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव अमित वर्मा और अपर महानिदेशक विदेश व्यापार निखिल वर्मा ने उद्यमियों को मुक्त व्यापार समझौतों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। विशेषज्ञों ने उत्पादों के मूल देश से संबंधित नियम (Rules of Origin), सीमा शुल्क में मिलने वाली छूट और निर्यात बढ़ाने के लिए संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही ‘जिलों को निर्यात केंद्र’ बनाने की पहल पर भी चर्चा की गई। सरकार की इस पहल का उद्देश्य उत्तराखंड के स्थानीय कारोबारियों को विदेशी बाजारों के अनुरूप तैयार करना और राज्य के पारंपरिक उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना है।

To Top