उत्तराखंड

देहरादून में महिला की संदिग्ध मौत से सनसनी, गले पर मिले निशान..

देहरादून में महिला की संदिग्ध मौत से सनसनी, गले पर मिले निशान..

 

 

उत्तराखंड: रायपुर थाना क्षेत्र की एमडीडीए कॉलोनी में गुरुवार को एक बुजुर्ग महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। महिला अपने घर में अकेली थीं, इसी दौरान किसी ने घर में घुसकर उनकी जान ले ली। घटना के बाद महिला के हाथ से सोने का कंगन गायब मिला है। ऐसे में पुलिस फिलहाल लूट के इरादे से हत्या किए जाने की आशंका को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतका की पहचान 70 वर्षीय रेखा बंसल के रूप में हुई है। उनके पति दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड पर किताबों की दुकान है। घटना के समय वह दुकान पर थे, जबकि रेखा बंसल घर में अकेली थीं। बताया जा रहा है कि शाम करीब सवा चार बजे के आसपास वारदात हुई।

घटना की जानकारी परिवार को मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। महिला के चेहरे पर खरोंच के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस टीम (एफएसएल) को भी बुलाया। परिजनों की ओर से हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी गई, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की जानकारी जुटाने में लगी है। दिनदहाड़े घर में घुसकर हुई इस वारदात के बाद एमडीडीए कॉलोनी में भी दहशत का माहौल है। पुलिस हत्या के पीछे लूट के अलावा अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस जल्द मामले की कड़ियां जोड़ने की कोशिश में जुटी है।

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top