उत्तराखंड

तकनीकी शिक्षा में बड़ा कदम, द्वाराहाट में AI-ML और रोबोटिक्स के नए पाठ्यक्रम शुरू..

तकनीकी शिक्षा में बड़ा कदम, द्वाराहाट में AI-ML और रोबोटिक्स के नए पाठ्यक्रम शुरू..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में तकनीकी शिक्षा को नई दिशा देने के लिए युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स जैसे उभरते क्षेत्रों में पढ़ाई का अवसर देने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी क्रम में बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान (बीटीकेआईटी), द्वाराहाट में दो नए बीटेक पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग (AI & ML) और रोबोटिक्स पाठ्यक्रमों के संचालन को मंजूरी दे दी है। दोनों पाठ्यक्रम शैक्षणिक सत्र 2026-27 से स्ववित्तपोषित माध्यम से संचालित किए जाएंगे। इन पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

आधुनिक तकनीक में युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षित युवाओं की मांग देश और दुनिया में लगातार बढ़ रही है। ऐसे में राज्य के तकनीकी संस्थानों में रोजगार और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नए पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं।बीटीकेआईटी द्वाराहाट में शुरू होने वाले दोनों पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की प्रशासनिक परिषद और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त किया जा चुका है।

राज्य सरकार अब अन्य तकनीकी संस्थानों में भी आधुनिक और रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी में है। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, रोबोटिक्स, क्वांटम कंप्यूटिंग, बायोटेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर और फुल-स्टैक डेवलपमेंट जैसे विषय शामिल हैं। सरकार का जोर ऐसे पाठ्यक्रमों पर है, जिनसे विद्यार्थियों को बदलती तकनीकी जरूरतों के अनुरूप कौशल मिल सके। नए कोर्स शुरू होने से उत्तराखंड के युवाओं को अत्याधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों का रुख कम करना पड़ेगा और प्रदेश में ही नई विशेषज्ञता हासिल करने के अवसर बढ़ेंगे। तकनीकी शिक्षा विभाग के मुताबिक आधुनिक पाठ्यक्रमों का विस्तार राज्य के युवाओं को भविष्य की तकनीकी नौकरियों के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top