मंदिर विकास से सड़क निर्माण तक, धामी सरकार ने कई अहम परियोजनाओं को दी हरी झंडी..
उत्तराखंड: उत्तराखंड सरकार ने धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन देने और प्रदेश के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए लगभग 5 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी करने को मंजूरी दी है।स्वीकृत योजनाओं में सबसे अधिक धनराशि पौड़ी जिले के महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए निर्धारित की गई है। वहीं, पिथौरागढ़ के डीडीहाट स्थित श्री हरिचंद देवता मंदिर को मास्टर प्लान के तहत विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही पौड़ी के मां बाल कुंवारी माता मंदिर, पिथौरागढ़ के नंदा देवी मंदिर और मोस्टामानू मंदिर, तथा अल्मोड़ा के गुरु गोरखनाथ मंदिर सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए भी बजट स्वीकृत किया गया है।
धार्मिक परियोजनाओं के साथ-साथ सरकार ने चंपावत जिले में तामली–रूपालीगाड़–सीम मोटर मार्ग के निर्माण को भी मंजूरी दी है। वहीं टिहरी जिले के सिलकोट गांव में जंगली जानवरों से सुरक्षा के उद्देश्य से घेरबाड़, सुरक्षा दीवार और सीसी रेलिंग मार्ग के निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी क्रम में देहरादून स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब को खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए खेल सामग्री खरीदने हेतु 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया गया है। सरकार का कहना है कि इन विकास कार्यों के पूरा होने से धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी, स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और क्षेत्रीय विकास को भी मजबूती मिलेगी।